
शिवपुरी जिले से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां दो पक्षों के बीच केवल इस बात को लेकर मारपीट हो गई कि भैंसे पानी से भरे गड्ढे में उतर गई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर कहासुनी हुई जो देखते ही देखते धक्का मुक्की और मारपीट में बदल गई।
दोनों ही पक्षों की ओर से इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने क्रास एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दिए। दोनों ही पक्षों को लोगों ने एक दूसरे पर मारपीट और धमकी देने की आरोप लगाए हैं।
भैंसों के पीछे भिड़े दो पक्ष
यह मामला शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र का है। यहां पानी से भरे हुए गड्ढों में भैंसों को उतारने को लेकर दो पक्ष आपस में बहस बाजी करने लगे। इस मामले में पिछोर के गोवर्धन गुर्जर ने बताया कि सोमवार को दोपहर में वह अपने भतीजे आशाराम के साथ भैंसों को चरा रहे थे। तभी भैंस सड़क के किनारे पानी से भरे गड्ढे में चली गई।
तभी मौके पर भगवत गुर्जर, अवतार गुर्जर और सागर गुर्जर पहुंचे और अपशब्दों का इस्तेमाल करने लगे। उन्होंने जबरन पकड़ने और डंडे से मारपीट करने का आरोप भी लगाया है। गोवर्धन ने यह भी कहा है कि जब भतीजा उन्हें बचाने के लिए आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। वहीं पैसों को गड्ढे में उतरने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
दूसरे पक्ष ने भी की शिकायत
इस मामले में दूसरे पक्ष के अवतार गुर्जर ने भी शिकायत दर्ज करवाई है। उनका कहना है कि जब अपने खेत पर पहुंचे तो देखा कि आशाराम और गोवर्धन भैंसों को उनके खेत में भरे पानी में उतार रहे थे जिससे उनकी फसल को नुकसान हो सकता था। यही कारण था कि उन्होंने भैंसों को मौके से हटाने को कहा लेकिन दोनों उनके साथ बहस बाजी करने लगे। अवतार ने उंगली मरोड़ने और डंडे से वार करने की बात भी कही है। दोनों पक्षों की शिकायत सुनने के बाद पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

