
Sidhi News : मध्य प्रदेश का सीधी जिला आए दिन मीडिया में चर्चा का विषय बना रहता है। अपराधिक मामले थमने का नाम नहीं ले रहे, जो कि पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। हालांकि, पुलिस के प्रयास से हाल ही अवैध कफ सिरप कोरेक्स बेचने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, मामला मुठिगवा गांव का है। जब पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी। जिसपर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम का गठन कर छापेमार कार्रवाई की गई।
आईफोन जब्त
पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां लंबे समय से कोरेक्स की अवैध बिक्री की जा रही है। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा और उनसे पूछताछ की। इस दौरान उनके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। फिर पुलिस ने उनके किराए के मकान की तलाशी ली, जहां से 248 सीसी अवैध कोरेक्स सिरप बरामद हुआ। इसके बाद दो अन्य आरोपियों को मौका स्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनके पास से एक आईफोन भी जब्त किया है।
टीआई ने दी जानकारी
थाना प्रभारी जमोड़ी विशाल शर्मा ने बताया कि यह सभी आरोपी लंबे समय से कफ सिरप कोरेक्स की बिक्री कर रहे थे। जिनकी पहचान सुनील विश्वकर्मा, अजय साहू, प्रमोद कोरी और अर्जुन केवट के रूप में की गई है। मुठिगवा और आसपास के इलाकों में इस तरह की गतिविधियों की खबरें पहले भी आई थीं। जिनका ग्रामीणों की मदद से पर्दाफाश किया गया है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
मामला दर्ज
फिलहाल, गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को आज दोपहर यानी गुरुवार को दोपहर न्यायालय में पेश किया गया है। जिनके खिलाफ एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंसेस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

