
Sidhi News : मध्य प्रदेश के सीधी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक महिला ने खुद को सब इंस्पेक्टर बात कर नौकरी देने के नाम पर ठगी की घटना को अंजाम दिया है। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल करते हुए फर्जी लेडी को गिरफ्तार कर लिया है। जिस पर विभिन्न धाराओं में मामला भी पंजीबद्ध कर लिया गया है।
दरअसल, घटना जमोड़ी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जब गांव तेंदुआ की रहने वाली पीड़ित महिला शांति साकेत ने थाने पहुंचकर अपने साथ हुई ठगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
जानें पूरा मामला
पीड़ित महिला ने बताया कि 8 जुलाई को गांधी चौक पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई थी, तब उसने अपना नाम रेखा बताया था। साथ ही उसने बताया कि वह सब इंस्पेक्टर है। जिसके बाद उसने पूछा कि क्या वह झाड़ू पोछा का काम कर लेती है। जिसमें हामी भरने के बाद महिला ने सरकारी नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया और कहा कि अगर तुम मुझे 70 हजार रुपए दोगी, तो मैं तुम्हारी नौकरी लगवा दूंगी। हमारे थाने में महिला सफाई कर्मचारी रिटायर होने वाली है। जिसकी बातों में आकर उसने रुपए दे दिए, लेकिन नौकरी नहीं मिली।
पुलिस की गिरफ्तार में ठग महिला
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठग महिला की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी महिला के घर दबिश दी गई, जहां से फर्जी लेडी सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसके पास से महिला थानेदार की वर्दी भी जब्त की गई है।
टीआई ने दी ये जानकारी
थाना प्रभारी कोतवाली अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि आरोपी महिला की उम्र लगभग 25 साल है, जो सिंगरौली जिले के देवसर की रहने वाली है। वह शादीशुदा है, जिसका पति मुंबई में मजदूरी का काम करता है जो 6 महीने पहले ही सीधी आई थी। फिलहाल, मामला दर्ज कर उससे पूछताछ जारी है।
सीनियर कंटेंट राइटर · डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन, बीए. 2022 से MP Breaking News में; पहले लाइव इंडिया, VIP News Channel और Khabar Bharat में कार्य.

