टिकट वितरण से नाराज सिंगरौली पूर्व नगर पालिक निगम अध्यक्ष ने भाजपा छोड़ थामा बीएसपी का दामन

MP Election 2023

MP Election 2023 : मप्र विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के बाद से भाजपा और कांग्रेस में बगावत चल रही है, दोनों पार्टियों के नेता चुनाव लड़ने के लिए दूसरी पार्टी तलाश रहे हैं और टिकट काटने के लिए अपने संगठन और नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, इसी क्रम में सिंगरौली नगर पालिक निगम के पूर्व अध्यक्ष , वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है और बीएसपी का दामन थाम लिया है, माना जा रहा है कि वे बीएसपी के टिकट पर सिंगरौली विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा नेता चन्द्र प्रताप ने छोड़ी पार्टी बीएसपी ज्वाइन की  

आज सोमवार को चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा ने भाजपा छोड़ने और बीएसपी ज्वाइन करने का ऐलान किया, उनके इस फैसले पर उनके सैकड़ों समर्थकों ने उनके घर पहुंचकर उनका स्वागत किया, मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिंगरौली से रामनिवास शाह को उम्मीदवार बनाया है ये वहीँ नेता है जिन्होंने महापौर चुनाव में मुझे यानि भाजपा को हराया था।

भाजपा प्रत्याशी पर आरोप लगाकर दिया इस्तीफा  

आपको बता दें कि 2022 में हुए नगर निगम महापौर के चुनाव में चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा को 25233 मत मिले थे और वो आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल से 9352 मतों से हार गए थे। चन्द्र प्रताप महापौर चुनाव में हार का ठीकरा भाजपा के विधायक प्रत्याशी राम निवास शाह पर फ़ोड रहे है। दोनों नेताओं के बीच महापौर चुनाव के बाद से ही मनमुटाव है।

पार्टी से गद्दारी नहीं कर सकता था, अब करूँगा हराने का काम : चन्द्र प्रताप 

चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा ने कहा कि पार्टी किसी और को टिकट देती तो उन्हें कोई तकलीफ नहीं थी लेकिन जिस व्यक्ति ने पार्टी प्रत्याशी को हराने का काम किया हो पार्टी ने वर्तमान विधायक राम लल्लू वैश्य का टिकट काटकर उसी पर भरोसा जताया है , मैं पार्टी में रहकर गद्दारी नहीं कर सकता इसलिए पार्टी छोड़ रहा हूँ , यदि मुझे बीएसपी टिकट देती है तो चुनाव लड़कर राम निवास शाह को हराऊंगा और यदि बीएसपी मुझे टिकट नहीं देती तो वहां रहकर राम निवास के विरोध में वोट डालने के लिए जनता से अपील करूँगा।

सिंगरौली में होगा त्रिकोणीय मुकाबला 

यहाँ बता दें कि मप्र विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 80 सिंगरौली से भाजपा ने पूर्व जिला अध्यक्ष रामनिवास शाह को उम्मीदवार बनाया है वहीँ कांग्रेस ने पूर्व महापौर रेनू शाह को टिकट दिया है जबकि आज आम आदमी पार्टी ने सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया यानि यहाँ मुकाबला त्रिकोणीय होने वाला है।

सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews