MP Breaking News

Singrauli News: ज्वेलरी दुकान में घुसे हथियारबंद बदमाश, संचालक के सिर पर कट्टे की बट से वार; कर्मचारी के हाथ में लगी गोली

जयंत मस्जिद मार्केट की कंचन ज्वेलरी में शाम करीब 6 बजे वारदात; SP के मुताबिक छह आरोपी थे, चार दुकान के अंदर घुसे, प्रारंभिक जांच में ढाई लाख नकद और 400-500 ग्राम सोना ले जाने की जानकारी
Singrauli News

सिंगरौली: विंध्यनगर थाना क्षेत्र के जयंत मस्जिद मार्केट में गुरुवार शाम एक ज्वेलरी दुकान में हथियारबंद लूट की वारदात सामने आई। कंचन ज्वेलरी में पहुंचे बदमाशों ने पहले सोने की चेन दिखाने को कहा और फिर वहां से निकलने की कोशिश की। दुकान संचालक ने उन्हें रोकना चाहा तो बदमाशों ने हमला कर दिया। घटना में दुकान संचालक अखिलेश सोनी और कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा घायल हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक वारदात में कुल छह आरोपी शामिल थे। इनमें चार दुकान के अंदर गए, जबकि दो बाहर मौजूद थे। प्रारंभिक जांच में बदमाशों द्वारा करीब ढाई लाख रुपये नकद और 400 से 500 ग्राम सोना ले जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि लूट की वास्तविक मात्रा जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

चेन दिखाने को कहा, रोकने पर संचालक पर हमला

घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चार युवक कंचन ज्वेलरी के अंदर पहुंचे और संचालक से सोने की चेन दिखाने के लिए कहा। चेन देखने के बाद जब उन्होंने वहां से निकलने की कोशिश की तो संचालक अखिलेश सोनी ने उन्हें रोकना चाहा।

इसी दौरान एक बदमाश ने कथित तौर पर कट्टे की बट से अखिलेश के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह घायल हो गए। कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा ने बदमाशों को रोकने की कोशिश की तो गोली चल गई। पुलिस के मुताबिक गोली लगने से राहुल की हथेली में चोट आई। वारदात के बाद दुकान के अंदर मौजूद चारों बदमाश अपने बाहर मौजूद दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गए।

CCTV खंगाल रही पुलिस, भागने का रूट तलाशने की कोशिश

लूट और फायरिंग की सूचना मिलते ही विंध्यनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद वे किस रास्ते से भागे। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता छहों आरोपियों तक पहुंचने और लूटी गई नकदी व सोने की बरामदगी की है।

घटना पर क्या बोले पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम.?

सिंगरौली पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. ने मीडिया से बातचीत कर मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शाम करीब 5.55 बजे हुई है। दो बाइकों से कुल 6 लोग आए थे, जिनमें से 4 लोग दुकान के अंदर घुसे। दुकान में मालिक और ग्राहक मौजूद थे। आरोपियों ने दुकान संचालक को डराया और धमकाया। इसके बाद करीब दो फायर भी किए गए। एक आरोपी ने कट्टे की बट से दुकान संचालक के सिर पर वार किया। साथ ही एक स्टाफ पर भी हमला किया गया। मालिक को हल्की चोट आई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी दुकान मालिक का बैग लेकर गए हैं, जिसमें करीब ढाई लाख रुपये का कैश था। पुलिस को जानकारी दी गई है कि 400 से 500 ग्राम के बीच सोना भी लूटा गया है। 6 आरोपियों में से तीन के चेहरे कवर थे। यूपी बॉर्डर पर भी पुलिस को तैनात कर दिया गया है। पुलिस के पास जो फुटेज आई हैं उसके आधार पर जांच की जा रही है।

पहले महाराष्ट्र बैंक में भी हुई थी हथियारबंद वारदात

जयंत में हुई इस वारदात के बाद जिले में पहले महाराष्ट्र बैंक में गोलीबारी के बाद हुई डकैती का मामला भी चर्चा में आ गया है। उस मामले में भी हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आई थी और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लूटी गई संपत्ति की बरामदगी को लेकर कानूनी प्रक्रिया और जांच चली है।

हालांकि महाराष्ट्र बैंक की पुरानी वारदात और कंचन ज्वेलरी में हुई इस लूट के बीच फिलहाल किसी तरह के सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। जयंत की घटना को लेकर पुलिस अलग से जांच कर रही है।

सिंगरौली से राघवेंद्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
Singrauli News: ज्वेलरी दुकान में घुसे हथियारबंद बदमाश, संचालक के सिर पर कट्टे की बट से वार; कर्मचारी के हाथ में लगी गोली - MP Breaking News