MP Breaking News

सिंगरौली: घर के पीछे उगा रखा था गांजा, पुलिस ने 8 किलो से अधिक के 11 पौधे किए जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए घर की बाउंड्री से गांजे के 11 हरे पौधे जब्त किए है। जिनका वजन करीब 8 किलो 200 ग्राम और कीमत 1.20 लाख रुपए बताई गई है।
Singrauli News

मध्यप्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा अलग-अलग जिलों में कार्रवाई कर मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसा जा रहा है और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। इसी बीच, सिंगरौली जिले में भी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजे के पौधे जब्त किये हैं।

जानकारी अनुसार, जिले की चितरंगी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक घर की बाउंड्री से गांजे के हरे पौधे जब्त किये हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

घर के पीछे बाउंड्री में उगा रखे थे गांजे के पौधे

बता दें कि पुलिस को अपने मुखबिर से सूचना मिली थी कि रज्जू उर्फ राजेश्वर केवट (37), निवासी नौगई ने अपने घर के पीछे बाउंड्री के अंदर गांजे के हरे पौधे लगा रखे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और एक टीम तलाशी के लिए मौके पर पहुंच गई। पुलिस को घर की बाउंड्री से 11 हरे पौधे मिले। जिनका वजन करीब 8 किलो 200 ग्राम है। बरामद किये गये गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ मामल दर्ज

पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया। थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई थी। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 441/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 8 और 20-ए एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews
सिंगरौली: घर के पीछे उगा रखा था गांजा, पुलिस ने 8 किलो से अधिक के 11 पौधे किए जब्त, आरोपी गिरफ्तार - MP Breaking News