
MP POLICE ACTION
जयंत पुलिस ने 7 वर्षीय अपहृत बालिका को मात्र 8 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने पूरी टीम को 10 हजार नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस ने शुरू की तलाशी
दरअसल फरियादिया (परिवर्तित नाम) अनीता सिंह, निवासी खजुरा थाना अनपरा (सोनभद्र, उप्र) ने 12 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 7 वर्षीय बेटी स्कूल से लौटने के बाद सहेली के साथ जाने की बात कहकर घर से निकली और वापस नहीं लौटी। मामले को गंभीर मानते हुए थाना विन्ध्यनगर अंतर्गत जयंत चौकी पुलिस ने गुम इंसान के तहत अपराध दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
पुलिस ने स्कूल व आसपास के 40-50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सहपाठियों व शिक्षकों से पूछताछ की और सायबर सेल की मदद से सुराग जुटाए। जांच के दौरान बच्ची अपनी सहेली (परिवर्तित नाम) पिया रावत के साथ जाती हुई दिखाई दी। सघन तलाश के बाद रात करीब 3 बजे पुलिस ने बच्ची को उसकी सहेली के घर से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि वह सहेली के साथ उसके घर चली गई थी। सहेली की माँ ने भी यह स्वीकार किया कि बच्ची ने स्वयं बताया था कि उसने माँ को जानकारी दी है, इसलिए उसने पुलिस या परिजनों को सूचित नहीं किया। बालिका की सुरक्षित बरामदगी में थाना प्रभारी विन्ध्यनगर अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी जयंत सुधाकर सिंह परिहार व सायबर टीम सहित पूरी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस की अपील
एसपी मनीष खत्री ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएँ। उन्होंने कहा कि कैमरे न केवल सुरक्षा बढ़ाते हैं बल्कि ऐसी घटनाओं में पुलिस को त्वरित सफलता दिलाने में भी मददगार साबित होते हैं।
सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट
