नवरात्रि के पावन पर्व पर मध्यप्रदेश में गरबा की धूम मची हुई है। आम नागरिक से लेकर राजनेता तक गरबा के रंग में रंगे हुये हैं। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान विभिन्न गरबा कार्यक्रमों में सहभागिता की और प्रदेशवासियों के साथ पर्व का उत्साह साझा किया। तो वहीं, राज्यमंत्री राधा सिंह एवं प्रतिमा बागरी भी गरबा कार्यक्रमों में गरबा नृत्य करती दिखीं।

बता दें कि सिंगरौली जिले में कई जगहों पर गरबे का आयोजित किया गया है। जिले के चारों ओर गरबा पंडालों की रौनक चरम पर है। वहीं, चुन कुमारी स्टेडियम में राधा कृष्ण फाउंडेशन द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में राज्य मंत्री एवं चितरंगी विधायक राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

मंत्री राधा सिंह ने किया गरबा

गरबा उत्सव में डीजे पर बज रहे गाने एवं गरबा करते लोगों को देखकर मंत्री राधा सिंह भी अपने आप को रोक नहीं पाईं एवं हाथों में डांडिया लेकर महिलाओं के बीच गरबा करने पहुंच गईं। राधा सिंह ने महिलाओं के बीच जाकर अलग-अलग गानों पर जमकर गरबा किया। उनका गरबा करते हुये वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राधा सिंह ने नवरात्रि पर्व और गरबा आयोजनों की सराहना करते हुए सभी को पर्व की बधाई दी एवं गरबा उत्सव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

मंत्री प्रतिमा बागरी भी गरबा करती आईं नजर

एक तरफ जहां मंत्री राधा सिंह गरबा करती नजर आईं तो वहीं दूसरी ओर सतना जिले के कोठी के अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह स्टेडियम में आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी भी गरबे की ताल पर थिरकती नजर आईं। दरअसल, रविवार को जय हिंद गरबा महोत्सव में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों के साथ डांडिया नृत्य कर आयोजन की रौनक बढ़ाई। राज्यमंत्री को अपने बीच डांडिया करते देख आयोजन में मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिमा बागरी ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध भारतीय परंपराओं और धार्मिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कारों और आस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हमारा दायित्व है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को इन परंपराओं से परिचित कराएं और उन्हें ऐसे उत्सवों में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए प्रेरित करें।