Singrauli News : खुले वाहनों से हो रहा फ्लाईऐश का परिवहन, नियमों की उड़ाई जा रही है धज्जियां

Singrauli News : खुले वाहनों से हो रहा फ्लाईऐश का परिवहन, नियमों की उड़ाई जा रही है धज्जियां

Madhya Pardesh News : सिंगरौली जिले के सिंगरौलिया, हिर्रवाह तथा खजुरी गांव में लंबे समय से हवाई पट्टी का निर्माण कार्य चल रहा है। कई दशकों बाद अब निर्माण कार्य में कुछ तेजी दिखाई पड़ रही है परन्तु हवाई पट्टी निर्माण में जो फ्लाईऐश (जले कोयले की राख) की फीलिंग हो रही है बता दें कि यह फ्लाईऐश (flyash) का परिवहन नियम कायदों को ठेंगा दिखाते हुए खुले वाहनों से की जा रही है। खुले राख के परिवहन से आस-पास की सड़कों के साथ-साथ कई गांव राख से पट गये हैं।

यह है नियम

एनजीटी के निर्देश और प्रशासन से फ्लाईऐश के परिवहन के लिए दी गई अनुमति में स्पष्ट लिखा है कि फ्लाईऐश का परिवहन विकल्प के तौर पर बल्कर जैसे बंद वाहनों में किया जाए। मगर फ्लाईऐश के परिवहन में जारी निर्देशों व शर्तों को दरकिनार किया जा रहा है। खुलेआम सडक़ मार्ग के जरिए डंपर व हाइवा जैसे खुले वाहनों में फ्लाईऐश का परिवहन किया जा रहा है। हर बार की तरह इस मामले में भी जिम्मेदार आंखों पर पट्टी बांधकर आफिसों में बैठे हैं। राख परिवहन वाहनों द्वारा की जा रही खुलेआम अंधेरगर्दी से आस-पास के ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार राख (फ्लाईऐश) से लदे हैवी वाहनों द्वारा गांव की सड़कों को रौंदा जा रहा है। सड़क तो उखड़ ही रही है उसके साथ ही उड़ती राख सड़कों आस-पास के घरों में भी पहुंच रही है जिससे सड़क के आस-पास रहने वालों का जीना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से की यह मांग 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि राख का परिवहन नियमों के तहत होता तो उन्हें कोई दिक्कत नहीं होती परन्तु जिस तरह से खुले वाहनों से राख का परिवहन किया जा रहा है उससे हवाई पट्टी के आस-पास के इलाके राख के ढेर में तब्दील हो गये हैं। उक्त सड़कों पर पैदल व दो चक्का वाहनों से चलने वालों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जो भी गड्ढे हैं वह राख से पट गये हैं जब बाइक उसमें घुसती है तो उनका गिरना तय है। सड़कों पर पसरी राख से आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने राख के परिवहन में नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्यवाही करते हुये बंद कटेनरों में राख का परिवहन कराये जाने की प्रशासन से मांग की है।
सिंगरौली से राघवेन्द्र सिंह गहरवार की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews