सिंगरौली जिले के सरई थाना अंतर्गत निवास पुलिस चौकी क्षेत्र के गड़ईगांव में सोमवार देर रात चोरों ने एक घर की पिछली दीवार तोड़कर सेंधमारी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर के अंदर रखी पेटी और अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित लाखों रुपये का सामान समेट ले गए। सबसे हैरानी की बात यह रही कि पूरी वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर गहरी नींद में सोते रहे और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार चोरों ने दीनानाथ साहू के घर की पिछली दीवार तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद पेटी और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह जब परिवार की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और दीवार में सेंध लगी देख परिजनों के होश उड़ गए। इसके बाद तत्काल निवास पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
परिवार सोता रहा और चोर हाथ साफ़ कर गए
पीड़ित दीनानाथ साहू ने बताया कि सोमवार रात पूरा परिवार घर में सो रहा था। सुबह उठने पर घर की पिछली दीवार टूटी मिली और कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। पेटी और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। उन्होंने बताया कि चोरी में उनकी वर्षों की मेहनत की जमा-पूंजी चली गई है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
वहीं, MP Breaking News ने जब निवास चौकी प्रभारी नृपेन्द्र सिंह से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है तथा मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






