ट्रॉमा सेंटर नेताओं के फोटोसेशन का केंद्र बना, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल, BJP पर हमला

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जनप्रतिनिधि अस्पतालों में सिर्फ फोटो खिंचवाने और ड्रामा करने पहुंचते हैं। निरीक्षण के नाम पर कुछ घंटों की साफ-सफाई होती है और फिर हालात जस के तस हो जाते हैं।”
Singrauli District Hospital Trauma Center in bad condition

Singrauli District Hospital Trauma Center in bad condition

सिंगरौली जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा सरकार और जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। ट्रॉमा सेंटर के वीडियो और फोटो खुद प्रवीण सिंह चौहान ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किये हैं , जिसके बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के नेता सिर्फ मंचों से स्वास्थ्य व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करते हैं और अपनी पीठ थपथपाने में लगे रहते हैं, लेकिन जिला ट्रॉमा सेंटर की हकीकत बेहद शर्मनाक है।” उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि अस्पतालों का निरीक्षण तो करते हैं, लेकिन मरीजों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा।

BJP सांसद पर लगाये अनदेखी के आरोप  

उन्होंने सीधी-सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “सांसद स्वयं डॉक्टर हैं और स्वास्थ्य शिविरों के नाम पर बड़े-बड़े प्रस्ताव कंपनियों में भेजे जाते हैं, लेकिन जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की हालत बद से बदतर बनी हुई है।”

प्रवीण सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि अस्पताल में कई बेड बिना बेडशीट के पड़े हैं। भीषण गर्मी में 10 से 15 बेडों के बीच एक कूलर लगाया गया है, वह भी खराब हालत में है। कई वार्डों में एसी बंद पड़े हैं, जिससे मरीज और उनके परिजन तपती गर्मी में परेशान हो रहे हैं। दूसरी और तीसरी मंजिल पर मरीजों के परिजन पसीना बहाते हुए रात काटने को मजबूर हैं।

कांग्रेस नेता ने सामान खरीदी में कमीशनखोरी के लगाये आरोप 

उन्होंने सवाल उठाया कि करोड़ों रुपये की मशीनें अस्पताल में धूल क्यों खा रही हैं? जब उनका उपयोग ही नहीं होना था तो आखिर उन्हें खरीदा क्यों गया? क्या यह सिर्फ कमीशनखोरी का खेल था? उन्होंने कहा कि जिले में CSR और DMF फंड की कोई कमी नहीं है, फिर भी स्वास्थ्य सुविधाएं निम्न स्तर पर हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “जनप्रतिनिधि अस्पतालों में सिर्फ फोटो खिंचवाने और ड्रामा करने पहुंचते हैं। निरीक्षण के नाम पर कुछ घंटों की साफ-सफाई होती है और फिर हालात जस के तस हो जाते हैं।” उन्होंने कहा कि गरीब जनता स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के नाम पर सिर्फ आश्वासन सुन रही है, जबकि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं दम तोड़ चुकी हैं।

CMHO ने आरोपों को निराधार बताया 

वहीं, इस पूरे मामले में CMHO पुष्पराज सिंह ठाकुर ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि ट्रॉमा सेंटर में सभी एसी और कूलर चालू हालत में हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों के भर्ती होने पर बेडशीट उपलब्ध कराई जाती है। पहले से बेडशीट डालने पर कई बार मरीजों के अटेंडर उसका उपयोग करने लगते हैं, इसलिए आवश्यकता अनुसार बेडशीट दी जाती है। CMHO ने कहा कि ट्रामा सेंटर को लेकर लगाए गए सभी आरोप गलत और निराधार हैं।

वही इस मामले में सीधी सिंगरौली सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा से बात कर उनका पक्ष जानना चाहा तो उनका फोन उनके PA के द्वारा रिसीव किया गया उन्होंने बताया कि सांसद जी समीक्षा बैठक में व्यस्त हैं।

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews