Hindi News

ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने राशिद खान, AFG vs BAN मुकाबले में रचा इतिहास

Written by:Rishabh Namdev
Published:
बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच खेले गए पहले वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान ने 5 विकेट से शानदार जीत हासिल की है। अफगानिस्तान की ओर से अजमतउल्लाह उमरजई ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्हें मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। वहीं इस मुकाबले में राशिद खान ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है।
ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बने राशिद खान, AFG vs BAN मुकाबले में रचा इतिहास

इस समय अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसके पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अफगानिस्तान की इस जीत में ऑलराउंडर अजमतउल्लाह उमरजई ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया और गेंदबाजी में भी कमाल किया। इसी मुकाबले में अफगानिस्तान के स्टार खिलाड़ी राशिद खान ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है और अब वह एक स्पेशल लिस्ट में शामिल हो चुके हैं।

दरअसल, अफगानिस्तान के राशिद खान ने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 विकेट पूरे कर लिए हैं। 27 साल के राशिद खान ने 200 विकेट पूरे करने में मात्र 107 पारियां ली हैं। उन्होंने बांग्लादेश के बल्लेबाज मेहदी हसन को एलबीडब्ल्यू आउट करने के बाद यह कारनामा हासिल किया।

राशिद खान ने हासिल की ये उपलब्धि

बता दें कि इस उपलब्धि के साथ ही अब राशिद खान अफगानिस्तान के एकमात्र गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में विकेटों का दोहरा शतक पूरा किया है। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले पर नजर डालें तो राशिद खान ने 10 ओवर में मात्र 38 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। बांग्लादेश के बल्लेबाज राशिद को समझ नहीं पाए और अपने विकेट गंवा बैठे। राशिद खान ने पहले ही ओवर में बांग्लादेश के बल्लेबाजों को परेशान कर दिया था। राशिद खान के इस खास एलीट ग्रुप की बात की जाए तो इसमें पहले से मौजूद तीन गेंदबाज मोहम्मद शमी, सकलैन मुश्ताक और मिशेल स्टार्क हैं, जिन्होंने इतनी कम पारियों में 200 विकेट हासिल किए थे।

स्कोरकार्ड पर डालें नजर

अफगानिस्तान की शानदार जीत में अजमतउल्लाह उमरजई का बड़ा योगदान रहा। उमरजई ने पहले गेंदबाजी करते हुए तीन शानदार विकेट झटके, तो वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए 40 रनों की ताबड़तोड़ पारी भी खेली और अफगानिस्तान को जीत दिलाई। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते उमरजई को मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। बता दें कि पहले बांग्लादेश ने बल्लेबाजी करते हुए 222 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे अफगानिस्तान की टीम ने मात्र 47.2 ओवर में ही हासिल कर लिया। टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन रहमतउल्लाह गुरबाज और रहमत शाह ने बनाए। दोनों ही खिलाड़ियों ने 50-50 रनों की पारी खेली।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews