रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था। टीम ने 18 साल का सूखा खत्म करते हुए यह टाइटल जीता था। टाइटल जीतने के साथ ही टीम की ब्रांड वैल्यू में भी बड़ा उछाल आया। रिपोर्ट्स की मानें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु फ्रेंचाइजी की ब्रांड वैल्यू लगभग 17,000 करोड़ रुपए में बिक सकती है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अनंत अंबानी ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खरीदने की इच्छा जताई है।
बता दें कि इससे पहले एक खबर वायरल हुई थी, जिसमें दावा किया जा रहा था कि सिरम इंस्टीट्यूट के सीईओ आदर पूनावाला भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खरीदने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि अब तक आरसीबी की ओर से इस मामले में कोई भी जानकारी नहीं दी गई है। आरसीबी की ओर से यह भी साफ नहीं किया गया है कि टीम फ्रेंचाइजी बिकने जा रही है या नहीं।
क्या अनंत अंबानी खरीदेंगे RCB
बता दें कि मुंबई इंडियंस पहले से ही अंबानी परिवार के पास है। अगर अनंत अंबानी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम को खरीदते हैं, तो आईपीएल में अंबानी परिवार की दो टीमें हो जाएंगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पिछले साल खिताब जीता था और टीम की ब्रांड वैल्यू में भी बड़ा उछाल आया था। ऐसे में अनंत अंबानी इसे देखते हुए यह निर्णय ले सकते हैं। जानकारी के अनुसार, अनंत अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर का कार्यभार संभालते हैं। इसके अलावा, वह जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल्स के भी डायरेक्टर हैं। अनंत अंबानी लगातार अपने निवेश को बढ़ा रहे हैं। ऐसे में वह आरसीबी को खरीदकर आईपीएल में भी एंट्री ले सकते हैं।
🚨Anant Ambani expresses interest in acquiring Royal Challengers Bengaluru.(sources) pic.twitter.com/TSNSROlk5p
— Indian Cricket (@IPL2025Auction) October 4, 2025
आईपीएल के फाउंडर ललित मोदी की ओर से भी बड़ा बयान
हाल ही में आईपीएल के फाउंडर ललित मोदी की ओर से भी बड़ा बयान दिया गया था। दरअसल, ललित मोदी ने कहा था कि आरसीबी के मालिकों ने अब इसे बेचने का अंतिम फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि आरसीबी की बेहद मजबूत फैन फॉलोइंग है, उसका मैनेजमेंट भी शानदार है, और हाल ही में टीम ने आईपीएल का खिताब भी जीता है। ऐसे में निवेशकों के लिए यह एक आकर्षक संपत्ति है। ललित मोदी का मानना है कि आरसीबी को कोई बड़ा ग्लोबल फंड या सॉवरेन फंड खरीद सकता है और यह आईपीएल फ्रेंचाइजी एक नया वैल्यूएशन रिकॉर्ड तय करेगी। यह सभी टीमों के लिए एक नया फ्लोर प्राइस यानी न्यूनतम मूल्य भी बन जाएगी।
अब तक की सबसे बड़ी वैल्यू इस टीम की
जानकारी दें कि अब तक आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ा सौदा 2021 में किया गया था, जब लखनऊ सुपरजायंट्स और गुजरात टाइटंस की टीम को जोड़ा गया था। लखनऊ सुपरजायंट्स अब तक सबसे बड़ी वैल्यूएशन वाली टीम रही है, जिसे 7090 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। लखनऊ के बाद गुजरात भी सबसे महंगी टीमों में शामिल है। गुजरात फ्रेंचाइजी को 5625 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। लेकिन अगर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बिकती है, तो उसकी वैल्यूएशन लगभग 17,000 करोड़ रुपए आ जाएगी। यानी यह टीम लखनऊ और गुजरात दोनों मिलकर भी पूरी नहीं होगी।





