आईपीएल 2026 से पहले आंद्रे रसेल ने सभी फैंस को चौंका दिया है। दरअसल, रसेल ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 2014 से आंद्रे रसेल कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेल रहे थे लेकिन आईपीएल 2026 से पहले टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया, जिसके बाद अब ऑक्शन से पहले ही रसेल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। मिनी ऑक्शन में उम्मीद की जा रही थी कि आंद्रे रसेल को मोटी रकम में खरीदा जा सकता है, लेकिन अब फैंस इस खबर को सुनकर मायूस हो गए हैं।
आंद्रे रसेल को आईपीएल इतिहास का सबसे घातक बल्लेबाज माना जाता है। रसेल न सिर्फ बल्लेबाजी में बल्कि गेंदबाजी में भी लगातार टीम का सहयोग करते रहे हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए रसेल ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन पिछले कुछ सीजन में रसेल का बल्ला बुरी तरह फ्लॉप रहा, जिसके चलते कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपना पर्स बढ़ाने के लिए रसेल को रिलीज कर दिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने नहीं किया रिटेन
दरअसल, आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने मात्र 12 खिलाड़ियों को ही रिटेन किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास इस समय पर्स वैल्यू सबसे ज्यादा है, लेकिन आंद्रे रसेल को टीम ने रिटेन खिलाड़ियों में शामिल नहीं किया। एक समय था जब रसेल कोलकाता नाइट राइडर्स के पोस्टर बॉय के तौर पर जाने जाते थे। रिटेंशन लिस्ट में जब फैंस ने रसेल का नाम नहीं देखा, तो सोशल मीडिया पर गुस्सा भी देखने को मिला। वहीं आंद्रे रसेल ने आईपीएल से पहले रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने अपने कुछ यादगार लम्हे बताए, जो उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ बिताए थे। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि वह आईपीएल 2026 में केकेआर की टीम में एक नए रोल में नजर आएंगे।
View this post on Instagram
आईपीएल 2026 में दिखाई देंगे?
भले ही अब फैंस रसेल को आईपीएल 2026 में खेलते हुए नहीं देख पाएंगे, लेकिन आंद्रे रसेल कोलकाता नाइट राइडर्स के सपोर्ट स्टाफ में दिखाई देंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए रसेल को पावर कोच के तौर पर चुना है। इसे लेकर रसेल ने कहा कि सबसे अच्छी बात यह है कि मैं घर नहीं छोड़ रहा हूं। आप मुझे एक नए रोल में देखेंगे केकेआर के सपोर्ट स्टाफ में 2026 के पावर कोच के तौर पर। एक नया चैप्टर, नई एनर्जी, हमेशा नाइट्स के लिए।
करियर पर डालें नजर
आंद्रे रसेल के आईपीएल करियर पर नजर डालें तो बता दें कि रसेल ने आईपीएल 2024 में केकेआर की टीम का हिस्सा लिया था, जबकि 2012 और 2013 में वह दिल्ली के लिए भी खेल चुके थे। रसेल ने कुल 140 मुकाबले खेले, जिनमें 2651 रन बनाए। रसेलने कुल 223 छक्के लगाए। जबकि रसेल के बल्ले से 174.218 के स्ट्राइक रेट से रन निकले। इसके अलावा रसेल ने 140 मुकाबलों में 123 विकेट अपने नाम दर्ज किए।






