Hindi News

क्या वाकई एक या दो दिन में भारत के पास आ जाएगी एशिया कप 2025 की ट्रॉफी? BCCI ने कर ली तैयारी!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
एशिया कप 2025 का खिताब भारतीय टीम ने अपने नाम किया था, लेकिन इसके बाद बड़ा विवाद देखने को मिला, जो कि अभी भी खत्म नहीं हुआ है। बीसीसीआई अभी भी आधिकारिक तौर पर ट्रॉफी का इंतजार कर रहा है।
क्या वाकई एक या दो दिन में भारत के पास आ जाएगी एशिया कप 2025 की ट्रॉफी? BCCI ने कर ली तैयारी!

28 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसे भारतीय टीम ने पांच विकेट से जीता था। एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में भारत ने लगातार तीसरी बार पाकिस्तान को धूल चटाई थी, लेकिन इसके बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, एसीसी के मोहसिन नक़वी से भारतीय टीम ने ट्रॉफी कलेक्ट करने से मना कर दिया। मैच प्रेजेंटेशन से पहले लंबा ड्रामा देखने को मिला और अंत में मोहसिन नक़वी ट्रॉफी अपने साथ लेकर चले गए।

बता दें कि बीसीसीआई के साथ श्रीलंका और अफगानिस्तान का क्रिकेट बोर्ड भी खड़ा है। बीसीसीआई ने साफ तौर पर मोहसिन नक़वी से कहा कि उन्हें ट्रॉफी भारत को सौंपनी होगी, लेकिन नक़वी की ओर से लगातार इस बात को टाला गया और एसीसी के ऑफिस जाकर ट्रॉफी कलेक्ट करने की बात कही गई। अब उम्मीद जताई जा रही है कि एशिया कप की ट्रॉफी एक या दो दिन में मुंबई के मुख्यालय पहुंच जाएगी।

ट्रॉफी अभी भी भारत के पास नहीं आई तो क्या होगा?

लेकिन सवाल उठता है कि अगर यह ट्रॉफी अभी भारत के पास नहीं आई तो क्या होगा? बता दें कि अगर ऐसा नहीं होता है तो बीसीसीआई 4 नवंबर को होने वाली आईसीसी की बैठक में इस मुद्दे को उठा सकता है। इस पूरे विवाद की शुरुआत पहले मुकाबले से हुई थी जब भारत और पाकिस्तान की टीम 14 सितंबर को आमने-सामने होने वाली थी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया था कि दोनों देशों के बीच चल रहे विवाद के चलते किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी से हाथ नहीं मिलाया जाएगा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले तीनों मुकाबलों में हाथ नहीं मिलाया।

क्या बोले देवजीत सैकिया?

वहीं, बीसीसीआई के संयुक्त सचिव देवजीत सैकिया ने पीटीआई वीडियो से विशेष बातचीत में कहा कि जिस तरह से एक महीने बाद भी हमें ट्रॉफी नहीं दी गई है, उससे हम थोड़े नाखुश हैं। अब हम इस मामले को आगे बढ़ा रहे हैं। लगभग 10 दिन पहले हमारे द्वारा एसीसी के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी को पत्र लिखा गया था, लेकिन उनके रुख में कोई बदलाव नहीं देखा गया। अभी भी ट्रॉफी उनके पास है, लेकिन हमें उम्मीद है कि एक या दो दिन में यह ट्रॉफी मुंबई स्थित बीसीसीआई कार्यालय में हमारे पास पहुंच जाएगी। इसी बीच देवजीत सैकिया ने कहा कि अगर ट्रॉफी बीसीसीआई को जल्द नहीं सौंपी जाती है तो 4 नवंबर को होने वाली आईसीसी की दुबई मीटिंग में इस मुद्दे को उठाया जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews