भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से बड़ा फैसला लिया गया है। दरअसल इस समय बांग्लादेश में मौजूदा स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के दौरे को स्थगित कर दिया गया है। दिसंबर में भारत और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच सीरीज होना था लेकिन अब यह सीरीज नहीं खेली जाएगी। वहीं अब BCCI ने दिसंबर में नई सीरीज की योजना बना ली है। हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वनडे वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था। ऐसे बड़े टूर्नामेंट को जीतने के बाद भारत की यह पहली सीरीज होने वाली थी, मगर अब इसे कैंसिल करने का निर्णय किया गया है।
वहीं RevSportz की एक रिपोर्ट मानें तो अब बीसीसीआई ने एक नई सीरीज की योजना बना ली है। दरअसल भारत और श्रीलंका की महिला टीमों के बीच 21 से 30 दिसंबर के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज के सभी मुकाबले विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे। पहले दो मुकाबले एसीए वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में जबकि बाकी तीन मुकाबले ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जा सकते हैं।
3 वनडे और 3 टी20 मुकाबले खेले जाने थे
इससे पहले भारत और बांग्लादेश सीरीज पर नज़र डालें तो दोनों टीमों के बीच कुल 3 वनडे और 3 टी20 मुकाबले खेले जाने थे। इस सीरीज के लिए बोर्ड को बांग्लादेश के खिलाफ खेलने की मंजूरी नहीं मिली। जानकारी दे दें कि इस सीरीज के मुकाबले कोलकाता और कटक में खेले जाने थे, लेकिन अब इसे कैंसल कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को भी एक पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी गई है। पत्र में बोर्ड ने साफ किया है कि इस दौरे को कैंसिल किया जा रहा है।
भारतीय पुरुष टीम का दौरा भी किया गया था रद्द
वहीं पीटीआई ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी के हवाले से जानकारी दी है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को एक लेटर बीसीसीआई की ओर से मिला था, जिसमें सीरीज रद्द करने की बात कही गई है। अब जल्द ही नई तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। हम नई तारीखों का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी दें कि साल 2025 में अगस्त में भारतीय पुरुष टीम को भी बांग्लादेश का दौरा करना था, लेकिन इस दौरे को भी रद्द कर दिया गया था। बता दें कि दोनों देशों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाने थी। इस वनडे सीरीज में ही रोहित शर्मा और विराट कोहली नजर आ सकते थे, जिसके चलते फैंस इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार भी कर रहे थे, लेकिन इस दौरे को बीसीसीआई की ओर से रद्द कर दिया गया था, जिसका कारण बांग्लादेश में चल रहा भू-राजनीतिक तनाव था।






