कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 में शानदार मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। वेस्टइंडीज में खेली जा रही इस लीग में अब रोमांच चरम पर पहुंच चुका है। इस टूर्नामेंट को दुनिया का सबसे रोमांचक टूर्नामेंट माना जाता है। हाल ही में खेले गए एक मुकाबले में टिम डेविड ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दरअसल, सेंट लूसिया किंग्स और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियॉट्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में टिम डेविड ने अपने पहले ही मैच में बल्लेबाजी से कमाल कर शानदार प्रदर्शन किया।
बता दें कि इससे पहले टिम डेविड ऑस्ट्रेलिया की इंटरनेशनल टीम में धमाल मचा रहे थे। वहीं अब वेस्टइंडीज में खेली जा रही कैरेबियन प्रीमियर लीग 2025 का हिस्सा बन चुके हैं और सीजन से जुड़ने के बाद पहले ही मैच में कमाल कर दिखाया है।
जानिए मुकाबले में क्या हुआ?
कैरेबियन प्रीमियर लीग के छठे मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स और सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियॉट्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में सेंट किट्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट लूसिया की टीम ने 21 रन के स्कोर पर ही अपने दो विकेट गंवा दिए और मुश्किल में आ गई। हालांकि, मैदान पर ओपनर जॉनसन चार्ल्स टिके हुए थे। उनके साथ वेस्टइंडीज के शानदार खिलाड़ी रोस्टन चेज भी टीम को आगे बढ़ा रहे थे। दोनों ने शानदार अर्धशतक जड़े और टीम को अच्छी स्थिति में ले गए।
टिम डेविड ने 23 गेंदों में बनाएं 46 रन
इसके बाद मैदान पर रोस्टन चेज का साथ देने आए टिम डेविड ने कमाल कर दिखाया। दरअसल, उन्होंने मात्र 23 गेंदों में 46 रनों की शानदार पारी खेली और रोस्टन चेज के साथ 86 रनों की साझेदारी कर ली। जिसके चलते सेंट लूसिया किंग्स ने 20 ओवर में 200 रन बना डाले।
जानिए इस मुकाबले का हाल
वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेविस पैट्रियॉट्स की टीम 20 ओवर में 197 रन ही बना सकी। टीम की ओर से आंद्रे फ्लेचर ने 25 रनों की शानदार शुरुआत दी। इसके अलावा काइल मायर्स ने 13 रन बनाए। हालांकि, टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन जेसन होल्डर ने बनाए। उन्होंने 29 गेंदों में 63 रनों की शानदार पारी खेली। उनके साथ नाविन बिडासी ने भी 50 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, दोनों खिलाड़ी टीम को जीत नहीं दिला सके। दरअसल, सेंट लूसिया किंग्स ने 3 रनों से रोमांचक जीत हासिल की।






