Hindi News

दिल्ली कैपिटल्स की WPL 2026 फाइनल में लगातार चौथी हार के बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने दिया बड़ा बयान, सपोर्ट स्टाफ और फैंस का भी किया जिक्र

Written by:Rishabh Namdev
Published:
WPL 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने निराशा जाहिर की, लेकिन उन्होंने अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व जताया। यह दिल्ली की लगातार चौथी खिताबी हार थी, इसके बावजूद जेमिमा ने युवा खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फैंस की जमकर सराहना की।
दिल्ली कैपिटल्स की WPL 2026 फाइनल में लगातार चौथी हार के बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज ने दिया बड़ा बयान, सपोर्ट स्टाफ और फैंस का भी किया जिक्र

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के रोमांचक फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह लगातार चौथा मौका है जब दिल्ली की टीम फाइनल में पहुंचकर भी ट्रॉफी जीतने से चूक गई। इस हार के बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिग्ज का दिल टूट गया, लेकिन उन्होंने अपनी टीम के जुझारू प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।

खिताबी मुकाबले में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 204 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन बेंगलुरु की टीम ने 2 गेंदें शेष रहते यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार ने जहां टीम को निराश किया, वहीं कप्तान जेमिमा ने मैच के बाद अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए टीम की एकता और संघर्ष को सलाम किया।

“मुझे अपनी टीम पर इससे ज्यादा गर्व नहीं हो सकता”

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जेमिमा रोड्रिग्ज ने कहा कि हार के बावजूद उन्हें अपनी टीम पर बहुत गर्व है। उन्होंने टीम के चरित्र और संघर्ष की सराहना की, जिसके दम पर टीम फाइनल तक पहुंची।

“मुझे लगता है कि मुझे इस टीम पर इससे ज्यादा गर्व नहीं हो सकता। यह हमारे लिए आसान नहीं था, लेकिन हमारी लड़कियों ने जिस तरह का कैरेक्टर दिखाया, जिससे हम फाइनल तक पहुंचे, उस पर मुझे बहुत गर्व है। मैं इससे बेहतर कुछ नहीं मांग सकती थी।” — जेमिमा रोड्रिग्ज

जेमिमा ने टीम के सपोर्ट स्टाफ का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “हमारे सपोर्ट स्टाफ ने हमारे लिए बिना थके काम किया है, यह पक्का किया कि हमारा माहौल बहुत अच्छा रहे। साथ ही दुनिया भर में हमारे सभी DC फैंस का बहुत-बहुत धन्यवाद, जो हर बार हमारा हौसला बढ़ाते हैं।”

फाइनल के प्रदर्शन और युवा खिलाड़ियों पर बोलीं कप्तान

फाइनल में टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए जेमिमा ने 204 के स्कोर को एक अच्छा टोटल बताया। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि फाइनल में 204 का स्कोर हमेशा एक बहुत अच्छा स्कोर होता है। अगर आप कभी चाहते थे कि हमारी टीम अच्छा खेले और क्लिक करे, तो वह आज था। हां, हमेशा ऐसा होता है कि हम यह या वह बेहतर कर सकते थे, लेकिन मुझे लगता है कि सबने कड़ी मेहनत की।”

कप्तान ने टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “जिस तरह निक्की और राणा ने उस दिन बल्लेबाजी की, वह जबरदस्त था। साथ ही नंदिनी शर्मा, उन्होंने सच में उम्मीद से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया। यहां तक कि मिन्नू ने जिस तरह से फील्डिंग की, वो भी काफी अच्छा रहा।” जेमिमा ने उम्मीद जताई कि टीम अगले सीजन में ट्रॉफी जरूर अपने नाम करेगी।