Hindi News

DPL 2025 में खेलते हुए नजर आएंगे ‘कोहली’ और ‘सहवाग’? इन टीमों ने मोटी रकम में खरीदा

Written by:Rishabh Namdev
Published:
DPL 2025 के ऑक्शन में विराट कोहली के भतीजे और वीरेंद्र सहवाग के बेटे की बोली ने सबका ध्यान खींचा। दरअसल इनमे से एक खिलाड़ी को एक लाख की कीमत मिली है, तो दूसरे को पूरे 8 लाख में खरीदा गया हैं। जानें किस टीम ने किया भरोसा और कौन रह गया अनसोल्ड।
DPL 2025 में खेलते हुए नजर आएंगे ‘कोहली’ और ‘सहवाग’? इन टीमों ने मोटी रकम में खरीदा

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2025 का ऑक्शन इस बार खासा चर्चा में रहा है। दरअसल इसकी वजह टीम इंडिया के दो दिग्गज क्रिकेटरों विराट कोहली और वीरेंद्र सहवाग की फैमिली से जुड़े खिलाड़ियों की एंट्री होना है। हालांकि खुद कोहली और सहवाग मैदान में नहीं दिखेंगे, लेकिन उनके बेटे और भतीजे इस बार मैदान में जलवा बिखेरते नजर आएंगे। बता दें कि इस बार DPL ऑक्शन में कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली और सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने सुर्खियां बटोरीं है। दोनों को अलग-अलग फ्रेंचाइजियों ने खरीदा है, लेकिन सहवाग के छोटे बेटे को कोई खरीदार नहीं मिला है।

दरअसल टीम इंडिया के रन मशीन विराट कोहली के भतीजे आर्यवीर कोहली को साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज (South Delhi Superstarz) ने एक लाख रुपये में खरीदा है। बता दें कि आर्यवीर विराट के बड़े भाई विकास कोहली के बेटे हैं और क्रिकेट की ट्रेनिंग उन्होंने भी कोहली के कोच राजकुमार शर्मा से ही ली है। आर्यवीर एक लेग स्पिन ऑलराउंडर भी हैं और जूनियर लेवल पर दमदार प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्हें पहली बार इतनी बड़ी लीग का हिस्सा बनने का मौका मिला है, जिससे उनके करियर को मजबूती मिल सकती है।

आर्यवीर सहवाग बने DPL ऑक्शन के स्टार

वहीं वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को सेंट्रल दिल्ली किंग्स (Central Delhi Kings) ने भारी भरकम 8 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। दरअसल आर्यवीर एक टॉप ऑर्डर ओपनर हैं और दिल्ली की अंडर-19 टीम से खेलते हुए 297 रन की ऐतिहासिक पारी भी खेल चुके हैं। इस पारी के जरिए उन्होंने अपने पिता के 319 रन के स्कोर को छूने की कोशिश की थी, जो उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाया था। वहीं अब DPL में आर्यवीर से जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। जिस तरह ऑक्शन में उनके लिए मुकाबला देखने को मिला, उससे साफ है कि इस खिलाड़ी में टैलेंट भरपूर है। दूसरी तरफ, सहवाग के छोटे बेटे वेदांत सहवाग को इस बार कोई फ्रेंचाइजी नहीं मिल सकी। वो ऑक्शन में अनसोल्ड रहे हैं।

DPL 2025 में दिखेगा युवा टैलेंट का दम

दरअसल DPL 2025 सिर्फ कोहली और सहवाग परिवार के खिलाड़ियों की वजह से नहीं, बल्कि कई और युवा सितारों की मौजूदगी के चलते भी खास रहेगा। ऋषभ पंत, ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी और नितीश राणा जैसे अनुभवी खिलाड़ी इस लीग में खेलते नजर आएंगे, जिससे नई प्रतिभाओं को सीखने का मौका मिलेगा। बता दें कि DPL एक ऐसा मंच बन चुका है, जहां से खिलाड़ी IPL और नेशनल टीम तक का सफर तय कर रहे हैं। इस बार आर्यवीर कोहली और आर्यवीर सहवाग जैसे नामों को लेकर फैंस में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !