Hindi News

पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा – ‘आलोचना करना बहुत आसान लेकिन ….’

Written by:Rishabh Namdev
Last Updated:
विराट कोहली और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के खराब फॉर्म पर पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह का एक बड़ा बयान सामने आया है। दरअसल, सीनियर खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन को लेकर हो रही आलोचना के बीच युवराज सिंह ने दोनों खिलाड़ियों का समर्थन किया है।
पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर दिया बड़ा बयान, कहा – ‘आलोचना करना बहुत आसान लेकिन ….’

भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों में से एक, युवराज सिंह ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और कप्तान रोहित शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया है। इस समय रोहित शर्मा और विराट कोहली के फॉर्म को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोनों का बल्ला पिछले लंबे समय से शांत है, ऐसे में उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन इसी बीच युवराज सिंह ने दोनों खिलाड़ियों का समर्थन किया है। उन्होंने विराट और रोहित को टीम इंडिया के साथ अपनी फैमिली बताया है।

दरअसल, पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा और इसके बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारतीय टीम को 1-3 से हार झेलनी पड़ी।

रोहित और कोहली को लेकर क्या बोले युवराज सिंह?

प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में युवराज सिंह विराट कोहली और रोहित शर्मा का समर्थन करते हुए नजर आ रहे हैं। युवराज सिंह ने कहा, “इस समय लोग विराट कोहली और रोहित शर्मा की आलोचना कर रहे हैं, लेकिन लोग भूल जाते हैं कि उन्होंने इतिहास में क्या उपलब्धियां हासिल की हैं। वे मौजूदा समय के सबसे महान बल्लेबाज और क्रिकेटर हैं। हार-जीत खेल का हिस्सा होती है और उन्हें हमसे अधिक दुख हो रहा होगा। मुझे विश्वास है कि टीम इंडिया जोरदार वापसी करेगी।”

आलोचना करना बहुत आसान : युवराज सिंह

इसी दौरान युवराज सिंह ने भारतीय टीम को एक परिवार बताया। उन्होंने रोहित और कोहली को भी इस परिवार का हिस्सा कहा। युवराज सिंह ने कहा, “मैं ऐसा नहीं कर सकता हूं। मैं हमेशा क्रिकेट का स्टूडेंट बना रहा हूं। विराट कोहली, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर ने मुझसे अधिक क्रिकेट खेला है। मैं अपनी राय दे सकता हूं, लेकिन मेरी राय यह है कि जब कोई खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाता है तो उसकी आलोचना करना बहुत आसान होता है। मगर उन्हें सपोर्ट करना बेहद मुश्किल होता है। भारतीय टीम एक परिवार है और रोहित और विराट उसका हिस्सा हैं।” युवराज सिंह ने कहा कि खराब प्रदर्शन को लेकर खिलाड़ियों को निशाना बनाना मीडिया का काम है, लेकिन हमारा काम उन्हें सपोर्ट करना है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews