इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। दरअसल टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत दर्ज कर पाई, जिसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, मुंबई इंडियंस प्रबंधन अगले सीजन से पहले हार्दिक पांड्या को कप्तानी से हटाने की तैयारी में है। आखिरी मैच के बाद हुई टीम मीटिंग में कई अहम फैसले लिए गए और टीम के प्रदर्शन पर गहन समीक्षा की गई।
दरअसल मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 की शुरुआत भले ही जीत के साथ की थी, जो कई सालों बाद हुआ था कि टीम ने संस्करण का पहला मैच जीता, लेकिन इसके बाद टीम लगातार हार का सामना करती रही। वानखेड़े स्टेडियम में टीम को लगातार चार हार झेलनी पड़ीं, जिसने कई अनचाहे रिकॉर्ड भी दर्ज कराए। टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी भी अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए। रोहित शर्मा फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण सभी मैच नहीं खेल सके, वहीं सूर्यकुमार यादव का फॉर्म भी इस सीजन में गायब रहा। जसप्रीत बुमराह जैसे खतरनाक गेंदबाज के लिए भी यह सीजन उनके सबसे खराब सीजनों में से एक साबित हुआ। इन निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद, मुंबई इंडियंस अब टीम में कुछ बड़े बदलाव करने का मन बना चुकी है, जिसमें कप्तान का बदलाव सबसे प्रमुख माना जा रहा है।
क्या कप्तानी से हटाए जाएंगे हार्दिक पांड्या?
सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुंबई इंडियंस प्रबंधन ने हार्दिक पांड्या को आगामी सीजन से पहले कप्तानी से हटाने का फैसला कर लिया है। बताया गया है कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए अंतिम लीग मैच के बाद मुंबई के कोचिंग स्टाफ ने सभी खिलाड़ियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। इस बैठक में टीम के सीनियर खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। टीम में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे दो टी20 विश्व कप विजेता कप्तान मौजूद हैं। इसके अलावा, जसप्रीत बुमराह जैसा खतरनाक गेंदबाज भी टीम का हिस्सा है और हार्दिक पांड्या स्वयं एक बड़े खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं।
मुंबई के लिए अच्छा नहीं रहा सीजन
हालांकि, इतने अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के होने के बावजूद, यह सीजन टीम के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा। टीम न केवल जीत दर्ज करने में असफल रही, बल्कि मैदान पर संघर्ष करती हुई भी नजर नहीं आई। मिली जानकारी के अनुसार, आईपीएल 2026 के दौरान कोचिंग स्टाफ ने डेटा के आधार पर खिलाड़ियों को कुछ रणनीतियां बताई थीं, लेकिन मैदान पर उन निर्देशों का पालन नहीं किया गया। इस बात को लेकर कोचिंग स्टाफ में काफी नाराजगी है और उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि भविष्य में सभी सीनियर खिलाड़ियों को भी कोच की बातों और निर्देशों का गंभीरता से पालन करना होगा।
मुंबई के लिए नहीं खेलेंगे हार्दिक पांड्या
यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि यदि मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को कप्तानी से हटाती है, तो संभव है कि वह इस फ्रेंचाइजी के साथ आगे न रहना चाहें। इंडियन प्रीमियर लीग में कई ऐसी फ्रेंचाइजी हैं, जो अगले साल अपने कप्तान को बदलने पर विचार कर सकती हैं। इनमें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG), कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) जैसी टीमें शामिल हैं। ऐसी स्थिति में, हार्दिक पांड्या किसी ऐसी टीम का रुख कर सकते हैं, जो उन्हें कप्तान के रूप में टीम में शामिल करने को इच्छुक हो।
हार्दिक पांड्या के व्यक्तिगत प्रदर्शन पर नजर डालें तो आईपीएल 2026 में उन्होंने 10 मैचों में केवल 206 रन बनाए। इस दौरान वह एक भी अर्धशतक लगाने में नाकाम रहे। पूरे सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ दो छक्के ही निकले, जो उनके सामान्य प्रदर्शन से काफी कम है।






