आज क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच महा मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि यह मुकाबला हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में होने वाला है। भारत और पाकिस्तान की टीमें आज इस बड़े टूर्नामेंट में आमने-सामने होंगी। एक तरफ भारतीय टीम के कप्तान दिनेश कार्तिक होंगे, तो वहीं दूसरी ओर अब्बास अफरीदी पाकिस्तान की कप्तानी करेंगे। चलिए जानते हैं यह बड़ा मुकाबला कितने बजे शुरू होगा और इसे आप कैसे देख सकते हैं।
हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट हमेशा से ही बड़ा टूर्नामेंट रहा है। इस टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धोनी और सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी भी खेल चुके हैं। ऐसे में भारत और पाकिस्तान की टीमें इस बड़े टूर्नामेंट में आमने-सामने होने से एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों में जोश देखने को मिल रहा है। जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में आमने-सामने होती हैं, तो दर्शकों का उत्साह अलग रहता है। हाल ही में एशिया कप 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को लगातार तीन मुकाबलों में हराया था और फाइनल मुकाबला भी अपने नाम किया था।
टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया
वहीं अब हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। बता दें कि टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया है। सभी टीमों को चार-चार ग्रुप में बांटा गया है। हर एक ग्रुप से सिर्फ दो टीमें एलिमिनेशन राउंड में आगे जाएंगी। इस टूर्नामेंट में सभी मुकाबले पांच-पांच ओवर के होते हैं। भले ही यह टूर्नामेंट 5-5 ओवर का हो, लेकिन इसमें मुकाबले बेहद रोमांचक देखने को मिलते हैं। खिलाड़ी पूरी तरह से बाउंड्री लगाने का प्रयास करते हैं। बता दें कि दिनेश कार्तिक से पहले मनोज तिवारी स्टुअर्ट बिन्नी और रॉबिन उथप्पा ने भी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लिया था। अब दिनेश कार्तिक की कप्तानी में रॉबिन उथप्पा और स्टुअर्ट बिन्नी भी टीम में शामिल हैं। हालांकि भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। रविचंद्रन अश्विन घुटने की सर्जरी के चलते इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
कहां देख सकेंगे मुकाबला?
आज होने वाला भारत और पाकिस्तान का मुकाबला दर्शक सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे। अगर आप टीवी पर यह मुकाबला देखना चाहते हैं, तो आप सोनी के स्पोर्ट्स चैनल पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। साथ ही फैनकोड ऐप पर भी मुकाबला देखा जा सकता है। बता दें कि मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1.05 बजे से शुरू होगा। आज पाकिस्तान की ओर से मैदान पर मोहम्मद शहजाद, अब्दुल समद और सब मसूद जैसे खिलाड़ी देखने को मिलेंगे। तो वहीं भारत की ओर से दिनेश कार्तिक, शाहबाज नदीम, स्टुअर्ट बिन्नी, अभिमन्यु मिथुन जैसे खिलाड़ी नजर आएंगे। बता दें कि हर टीम में सात-सात खिलाड़ी शामिल होते हैं।
पाकिस्तान को कई बड़े मुकाबलों में मात दी
इससे पहले हाल ही में भारत ने पाकिस्तान को कई बड़े मुकाबलों में मात दी है। पहले चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। इसके बाद एशिया कप 2025 में भी पाकिस्तान को भारत के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा। वहीं आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भी भारत की महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराया। ऐसे में अब दिनेश कार्तिक की भारतीय टीम से उम्मीद की जा रही है कि वह पाकिस्तान को हराकर लगातार पाकिस्तान को क्रिकेट के मैदान में धूल चटाए।
दोनों टीमों में कौन से खिलाड़ी शामिल हैं
पाकिस्तान: मुहम्मद शहजाद, माज़ सदाकत, अब्दुल समद, ख्वाजा नफ़े, साद मसूद, शाहिद अजीज, अब्बास अफरीदी
भारत: दिनेश कार्तिक, रॉबिन उथप्पा, भरत चिपली, शाहबाज़ नदीम, प्रियांक पांचाल, स्टुअर्ट बिन्नी, अभिमन्यु मिथुन






