आज क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीम आमने-सामने हुई थी जिसमें एक बार फिर भारत की टीम ने पाकिस्तान को डीएलएस मेथड से दो रनों से हरा दिया। दरअसल हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि बारिश ने मुकाबले में अड़चन डाली लेकिन भारत ने जीत दर्ज कर ली। दरअसल भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 86 रन बनाए थे, जबकि इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम तीन ओवर में एक विकेट के नुकसान पर मात्र 41 रन ही बना पाई और बारिश के चलते मैच रुक गया और भारत को डीएलएस मेथड के चलते विजेता घोषित कर दिया गया।
भारत और पाकिस्तान की पिछले दो महीनों में यह पांचवीं टक्कर थी और पांचवीं बार भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया। पहले एशिया कप 2025 के टूर्नामेंट में तीन बार भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराया। इसके बाद आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला खेला गया था जिसमें भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की थी और अब हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारत ने यह जीत हासिल की है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी की
दरअसल मुकाबले पर नजर डाली जाए तो बता दें कि हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट 6-6 ओवर का मुकाबला होता है। ऐसे में टीम मात्र 6 ओवर में बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करती है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 86 रन बना दिए थे। भारत की ओर से रॉबिन उथप्पा और भरत चिपली बल्लेबाजी करने उतरे थे। दोनों ने ही टीम को शानदार शुरुआत दी। दोनों खिलाड़ियों ने मात्र 15 गेंद में 42 रन जोड़ दिए। चिपली ने मात्र 13 गेंद में 24 रनों की पारी खेली जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं रॉबिन उथप्पा ने 11 गेंद पर 28 रनों की जोरदार पारी खेली। रॉबिन उथप्पा के बल्ले से दो चौके और तीन शानदार छक्के निकले। इसके बाद दिनेश कार्तिक ने 6 गेंद पर 17 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए भारत को 86 रनों के स्कोर तक पहुंचाया।
बारिश ने बिगाड़ा खेल
वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम को न सिर्फ भारतीय गेंदबाजों का सामना करना पड़ा बल्कि बारिश ने भी खेल बिगाड़ दिया। पाकिस्तान की ओर से ओपनिंग बल्लेबाजी करने ख्वाजा नफी और अब्दुल समद आए थे। ख्वाजा नफी 9 गेंद पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि टीम ने मात्र तीन ओवर में 41 रन बना लिए थे लेकिन बारिश ने मैच रोक दिया। अब्दुल समद ने 6 गेंद पर 16 रन की पारी खेली जबकि ख्वाजा नफी ने 9 गेंद पर 18 रन बनाए। टीम डीएलएस मेथड के चलते मुकाबला हार गई और भारत को दो रनों से जीत मिल गई। वहीं भारत की ओर से स्टुअर्ट बिन्नी ने एक ओवर में सात रन दिए और शानदार गेंदबाजी करते हुए एक विकेट हासिल किया।
इस दौरान एक बार फिर भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। दरअसल एशिया कप में भी यही देखने को मिला था, जबकि आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान की खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि एशिया कप जीतने के बाद भी भारतीय टीम ने साफ कर दिया था कि ट्रॉफी मोहसिन नक़वी से नहीं ली जाएगी, जिसके बाद बड़ा विवाद भी देखा गया था।





