Hindi News

स्मृति मंधाना पर भारी पड़ी एलिसा हिली की 142 रनों की पारी, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3 विकेट से हराया

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से जीत हासिल की है। भारत द्वारा दिए गए 331 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 49 ओवर में ही हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन एलिसा हिली ने बनाए, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
स्मृति मंधाना पर भारी पड़ी एलिसा हिली की 142 रनों की पारी, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 3 विकेट से हराया

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से जीत हासिल की है। भारत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 331 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र 49 ओवर में ही चेज कर लिया। वहीं, इस मुकाबले में भले भारत को हार का सामना करना पड़ा हो, मगर स्मृति मंधाना ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। बता दें कि स्मृति मंधाना ने 5000 रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने विराट कोहली को भी इस मामले में पीछे छोड़ दिया है।

दरअसल, स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। मंधाना ने ताबड़तोड़ 80 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने नौ चौके और तीन शानदार छक्के लगाए। उनके शानदार प्रदर्शन के चलते स्मृति मंधाना ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 5000 रन पूरे कर लिए।

स्मृति मंधाना ने तोड़ा विराट कोहली और विवियन रिचर्ड्स का रिकॉर्ड

आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के 13वें मुकाबले में स्मृति मंधाना ने अर्धशतक की पारी के साथ ही वनडे क्रिकेट में सबसे तेज रन बनाने के मामले में विराट कोहली और विवियन रिचर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया है। हालांकि मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 330 रन बनाए। भारत की ओर से कृतिका रावल और स्मृति मंधाना ने शानदार शुरुआत दी। कृतिका रावल के बल्ले से 75 रनों की शानदार पारी निकली, जबकि स्मृति मंधाना ने 80 रन बनाए। वहीं, हरलीन देओल ने 38 रनों की पारी खेली।

कप्तान हरमनप्रीत कौर 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। जेमिमा रॉड्रिग्ज ने 33 रनों की शानदार पारी खेली, तो ऋचा घोष ने मात्र 22 गेंदों में 32 रन बनाए। अमनजोत कौर ने मात्र 12 गेंदों में 16 रनों की पारी खेली, जिसके चलते भारतीय टीम 330 रनों के स्कोर तक पहुंच गई और ऑस्ट्रेलिया को 331 रनों का लक्ष्य दिया।

एलिसा हिली ने खेली 142 रनों की शानदार पारी

ऑस्ट्रेलिया के लिए 331 रनों का लक्ष्य बेहद मुश्किल दिखाई दे रहा था, लेकिन जैसे ही एलिसा हिली बल्लेबाजी करने आईं, सभी हैरान रह गए। एलिसा हिली ने ताबड़तोड़ शतक लगाया। उन्होंने 107 गेंदों पर 142 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी के दौरान एलिसा हिली ने 21 चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि दूसरे छोर से फीब लिचफील्ड ने 40 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, एलिस पेरी ने नाबाद 47 रन बनाए। टीम की ओर से एश्ले गार्डनर ने भी 45 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके चलते ऑस्ट्रेलिया की टीम ने मात्र 50 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया की विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में यह तीसरी जीत है, जिसके चलते अब वह प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच चुकी है।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11:

भारत: स्मृति मंधाना, कृतिका रावल, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रॉड्रिग्ज, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, अमनजोत कौर, श्री चरणी, क्रांति गौड़।

ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हिली (कप्तान और विकेटकीपर), फीब लिचफील्ड, एलिस पेरी, बेथ मूनी, एश्ले गार्डनर, एनाबेल सदरलैंड, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलेनिक्स, अलाना किंग, किम गार्थ, मेगन शट।