आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार जीत दर्ज की है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने साउथ अफ्रीका को 7 विकेट से हरा दिया है। हालांकि दोनों ही टीमों ने पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना ली थी, लेकिन अब यह साफ हो चुका है कि कौन सी टीम किसके खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी। बता दें, भारतीय टीम अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी जबकि इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा।
फिलहाल ऑस्ट्रेलिया और भारत ने प्वाइंट्स टेबल में अपनी जगह पक्की कर ली है। साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच दूसरे स्थान के लिए जंग जारी है। प्वाइंट्स टेबल में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने पहले स्थान पर अपना सफर समाप्त किया है जबकि भारत ने चौथे नंबर पर सफर खत्म किया है। अगर इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला जीत जाती है, तो वह दूसरे नंबर पर प्वाइंट्स टेबल में रहेगी, जिसके चलते पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना साउथ अफ्रीका से होगा।
एलेना किंग ने झटके 7 विकेट
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मुकाबले पर नजर डालें तो यह मैच बेहद रोमांचक रहा। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो बेहद सही साबित हुआ। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका की टीम को मात्र 97 रनों पर ऑलआउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा विकेट एलेना किंग ने झटके। उन्होंने 7 सफलताएं अपने नाम दर्ज कीं। मेगन शट और एश्ले गार्डनर ने एक-एक सफलता हासिल की। साउथ अफ्रीका की ओर से सबसे ज्यादा रन लौरा वोल्वर्ट ने बनाए, जिन्होंने 31 रनों की पारी खेली, जबकि सिनालो जाफ्ता ने 29 रन जोड़े।
मात्र 16.5 ओवर में ही हासिल कर लिया लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने इस लक्ष्य को मात्र 16.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज्यादा रन बेथ मूनी ने बनाए। मूनी ने 42 रनों की शानदार पारी खेली जबकि जॉर्जिया वोल ने 38 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। हालांकि साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने शुरुआती सफलताएं हासिल कीं, टीम ने मात्र 11 रन के स्कोर पर दो विकेट गिरा दिए थे, लेकिन इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने कोई मौका नहीं दिया और टीम को जीत दिलाई। अब भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 30 अक्टूबर को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाएगा। जो टीम इस मुकाबले में जीतेगी, वह फाइनल में पहुंचेगी।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI:
ऑस्ट्रेलिया: फीबी लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, ताहलिया मैकग्राथ (कप्तान), एलिस पैरी, एनाबेल सदरलैंड, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, एलेना किंग, जॉर्जिया वेयरहम, मेगन शट।
साउथ अफ्रीका: लौरा वोल्वर्ट (कप्तान), सुने लूस, ताजमिन ब्रिट्ज, एनेरी डेरेकसन, मारिजन कैप, क्लो ट्रायोन, आयाबोंगा खाका, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), मसाबाता क्लास, नदीन डी क्लर्क, नॉनकुलुलेको म्लाबा।






