Hindi News

तीसरे मुकाबले में बाहर होंगे विराट कोहली? इस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतर सकती है भारतीय टीम

Written by:Rishabh Namdev
Published:
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 25 अक्टूबर को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव दिखाई दे सकते हैं। चलिए जानते हैं कि इस मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन कैसी नजर आ सकती है।
तीसरे मुकाबले में बाहर होंगे विराट कोहली? इस प्लेइंग इलेवन के साथ मैदान में उतर सकती है भारतीय टीम

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस समय वनडे सीरीज खेली जा रही है। इसके दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों ही मुकाबले ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किए हैं। हालांकि अब भारतीय टीम तीसरे मुकाबले में जीत दर्ज कर फैंस को खुशी देने की कोशिश करेगी। कल होने वाला मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम पिछले दो मुकाबलों में की गई गलतियों को सुधारने की कोशिश करेगी और एक नई टीम के साथ मैदान पर उतर सकती है। चलिए जानते हैं भारतीय टीम किन बड़े बदलावों के साथ फिर मैदान में उतर सकती है।

दरअसल, कल होने वाला मुकाबला विराट कोहली के लिए बेहद अहम होने वाला है। कयास लगाया जा रहा है कि विराट कोहली सिडनी मुकाबले के बाद यह तय करेंगे कि वह वनडे टीम में खेलना जारी रखेंगे या नहीं। यानी उनके रिटायरमेंट की खबरें इस समय तूल पकड़ रही हैं। ऐसे में विराट कोहली को कल शानदार प्रदर्शन करना होगा।

ये बड़े बदलाव संभव

दरअसल, कल होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम बड़े बदलाव कर सकती है। बता दें कि पिछले दो वनडे मुकाबलों में भारतीय टीम तीन ऑलराउंडर्स के साथ मैदान में उतरी थी, लेकिन दोनों ही मुकाबलों में यह रणनीति फ्लॉप रही थी। ऐसे में अब भारतीय टीम ऑलराउंडर के रूप में बड़े बदलाव कर सकती है। पिछले मुकाबले में नितीश कुमार रेड्डी ने भी सभी को निराश किया था। नितीश कुमार रेड्डी ने पिछले दो मुकाबलों में मात्र 27 रन बनाए हैं और एक भी विकेट हासिल नहीं किया है, जबकि वाशिंगटन सुंदर भी दो मुकाबलों में सिर्फ 22 रन बनाकर दो ही विकेट हासिल कर पाए।

इस खिलाड़ी को भी किया जा सकता है बाहर

हालांकि अक्षर पटेल ने बल्लेबाजी में ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन उन्होंने गेंदबाजी में सभी को प्रभावित किया है। ऐसे में तीसरे वनडे मुकाबले में भारतीय टीम ऑलराउंडर्स की जगह एक मजबूत गेंदबाज की ओर आगे बढ़ सकती है। एक बार फिर कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है, जबकि हर्षित राणा की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को भी टीम में शामिल किया जा सकता है।

क्या विराट कोहली होंगे बाहर?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या 25 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले में विराट कोहली का पत्ता भी कट जाएगा। पिछले दो मुकाबलों में विराट कोहली का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। दोनों ही मुकाबलों में विराट कोहली ने शून्य रन बनाए। अगर पिछले तीन पारियों पर नजर डालें तो विराट कोहली के बल्ले से मात्र एक रन निकला है। अब अफवाहें भी उड़ रही हैं कि विराट कोहली तीसरे मुकाबले के बाद वनडे से रिटायरमेंट ले सकते हैं। हालांकि विराट कोहली के कद को देखते हुए उन्हें तीसरे मुकाबले में भी मौका दिया जा सकता है। उन्हें टीम से बाहर करना मुश्किल है। देखना दिलचस्प रहेगा कि क्या विराट कोहली इस मुकाबले में वापसी कर पाएंगे या नहीं।

तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन इस प्रकार हो सकती है 

रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews