भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज चल रही है। इस सीरीज में भारतीय टीम ने अब तक बेहद ही खराब प्रदर्शन किया। पहला मैच भले ही बारिश की वजह से बेनतीजा रहा हो लेकिन बाद के तीन मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा और सीरीज भी गंवानी पड़ी। अब भारतीय टीम के पास पांचवें टी20 मैच में अपनी साख बचाने का आखिरी मौका है। वहीं सीरीज जीत चुकी इंग्लैंड की टीम मजबूत स्थिति में है।
बता दें कि कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी टी20 मुकाबला शनिवार, 11 जुलाई को साउथैम्प्टन के द रोज बाउल स्टेडियम में खेलेगी। अब भारतीय क्रिकेट फैंस की निगाहें इस आखिरी मुकाबले पर टिकी हुई है। भारतीय टीम लगातार मिल रही हार का सिलसिला भी खत्म करना चाहेगी।
कितने बजे से शुरू होगा मुकाबला?
बता दे कि भारत और इंग्लैंड के बीच हुए पिछले मुकाबलों के समय में परिवर्तन देखने को मिला है। अब आखिरी मुकाबले के समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है। पांचवां टी20 मैच रात 10 बजे नहीं बल्कि शाम 7 बजे से शुरू होगा।
भारतीय बल्लेबाजों से प्रदर्शन की उम्मीद
बता दें कि भारत ने इंग्लैंड से पहले आयरलैंड के साथ टी20 सीरीज खेली थी जिसमें भारतीय टीम को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। जिसका कारण भारतीय टीम की बल्लेबाजी थी। वहीं इंग्लैंड साथ हुए पिछले चार मैचों में भी भारतीय बल्लेबाजों, किशन, अभिषेक और अय्यर को छोड़कर किसी ने भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया।
ओपनिंग की बात करें तो भारतीय टीम की ओपनिंग जोड़ी ही खराब रही। पहले संजू सैमसन ने निराश किया फिर वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया गया लेकिन सूर्यवंशी भी पिछले तीन मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। वहीं सबसे ज्यादा सवाल खड़े हो रहे है उप कप्तान तिलक वर्मा पर, तिलक वर्मा ने अभी तक एक भी मैच में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। आयरलैंड के खिलाफ हुई सीरीज में भी उनका बल्ला खामोश रहा।
वहीं अगर इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच की बात करें तो ब्रिस्टल टी20 में कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 80 रन की पारी को छोड़ दें तो बाकी बल्लेबाज खराब शॉट चयन के कारण बड़ी पारी नहीं खेल सके। भारत ने 158/7 का स्कोर बनाया, जिसे इंग्लैंड ने सिर्फ 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी और रणनीति पर उठे सवाल
बता दें कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी भी इस पूरे अभियान में सवालों के घेरे में रही है। मैचों के दौरान बल्लेबाजी क्रम में लगातार किए गए बदलावों के कारण खिलाड़ियों की भूमिकाएं स्पष्ट नहीं हो सकीं, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया। इसके अलावा भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड और आयरलैंड की सीम और स्विंग वाली परिस्थितियों के अनुरूप अपनी बल्लेबाजी को प्रभावी ढंग से ढालने में सफल नहीं रहे। आईपीएल में अपनाई गई आक्रामक बल्लेबाजी की रणनीति इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कारगर साबित नहीं हुई।
हालांकि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने कुछ मुकाबलों में शानदार पारियां खेलकर अपनी क्षमता का परिचय दिया, लेकिन महत्वपूर्ण मैचों में दोनों बल्लेबाज बड़ी और जिम्मेदार पारियां खेलने में नाकाम रहे। शीर्ष क्रम की अस्थिरता और परिस्थितियों के अनुसार रणनीति में बदलाव की कमी का खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ा।
सीरीज में पिछले चार मैचों का हाल
बता दें कि भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज के चार मुकाबले हो चुके हैं। पहला मुकाबला, चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर में खेला गया। यह मुकाबला बारिश की वजह से बेनतीजा रहा। वहीं दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर खेला गया और इंग्लैंड ने भारत को 4 विकेट से हराया। तीसरा मुकाबला, नॉटिंघम में खेला गया और भारत को इस मैच में 125 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा। चौथा मुकाबला, ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड पर खेले गए इस मैच को भी इंग्लैंड ने 9 विकेट से आसानी से अपने नाम कर लिया और इस मैच में भी भारत को हार मिली।
भारत और इंग्लैंड टीम का स्क्वॉड
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, ईशान किशन, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, सूर्यांश शेडगे, प्रिंस यादव
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), विल जैक्स, जेम्स कोल्स, जैकब बेथेल, सैम करन, रेहान अहमद, जॉर्डन कॉक्स, जोस बटलर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, सोनी बेकर, जोफ्रा आर्चर, साकिब महमूद, फिलिप सॉल्ट, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल राशिद





