
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी-20 मुकाबला आज खेला जाएगा। सीरीज के शुरुआती तीन मैच जीतकर भारत ने 3-0 की बढ़त बनाई थी लेकिन चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने 87 रन से जीत दर्ज कर वापसी की। वहीं अब आखिरी मैच में भारतीय टीम जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहेगी। मुकाबले से पहले सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किए जाने की है। इसके अलावा शिवम दुबे को भी इस सीरीज में पहली बार खेलने का मौका मिल सकता है।
दरअसल पिछले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की जगह ईशान किशन को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया था। अब पांचवें टी-20 में वैभव की वापसी हो सकती है। उन्हें अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन या ईशान किशन में से किसी एक की जगह मौका मिल सकता है।
ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी मिल सकता है मौका
वहीं ऑलराउंडर शिवम दुबे को भी आज के मैच में मौका मिलने की संभावना है। वे अब तक इस सीरीज में एक भी मुकाबला नहीं खेले हैं। उन्हें नीतीश कुमार रेड्डी की जगह टीम में शामिल किया जा सकता है। हैमिल्टन का सेडॉन पार्क हाई स्कोरिंग मैदान माना जाता है। यहां खेले गए 14 टी-20 मुकाबलों में 8 बार पहली पारी का स्कोर 180 रन या उससे ज्यादा रहा है। ऐसे में भारतीय टीम बल्लेबाजी को मजबूती देने के लिए शिवम दुबे को आजमा सकती है।
35 मैचों में भारत ने 22 जीते
दरअसल टी-20 इंटरनेशनल में भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतर रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 12 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है। मौजूदा सीरीज में भारत ने पहले तीन मुकाबले जीतकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। हालांकि चौथे टी-20 में न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ अपना सबसे बड़ा टी-20 स्कोर बनाया और मुकाबला 87 रन से जीत लिया। इस हार के बाद भारतीय टीम आखिरी मैच में वापसी करते हुए सीरीज का समापन करना चाहेगी।
अभिषेक शर्मा और ग्लेन फिलिप्स का शानदार प्रदर्शन
वहीं इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। उन्होंने चार मैचों में 196 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 227.90 रहा है। तीसरे टी-20 में उन्होंने शतक भी लगाया था। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह भारत के टॉप विकेट टेकर हैं। उन्होंने चार मैचों में 5 विकेट लिए हैं, जबकि मयंक यादव ने दो मैचों में 4 विकेट हासिल किए हैं। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की तरफ से ग्लेन फिलिप्स ने बल्ले से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार मैचों में 276 रन बनाए हैं। इस दौरान वे तीन बार 70 या उससे ज्यादा रन की पारी खेल चुके हैं। पहले मैच में उन्होंने 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन बनाए थे। दूसरे मैच में 43 गेंदों पर 70 रन और चौथे टी-20 में 49 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली।
गेंदबाजी में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर सबसे आगे हैं। उन्होंने चार मैचों में 9 विकेट लिए हैं। इस सीरीज में उनकी इकोनॉमी 6.73 रही है। वे अब तक सात से कम इकोनॉमी रेट से रन देने वाले इकलौते गेंदबाज हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन/वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी/शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार/अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव और मयंक यादव।
न्यूजीलैंड: फिन एलन, टिम सइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, एडम मिल्ने, जैकब डफी और मैट फिशर।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

