भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए नामीबिया को 93 रनों के बड़े अंतर से मात दे दी है। यह टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के हीरो बल्लेबाज ईशान किशन और हार्दिक पंड्या रहे, जिन्होंने विस्फोटक अर्धशतक जड़े, जबकि गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती ने कमाल दिखाया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और ईशान किशन ने 61 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। उनके अलावा ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने भी फॉर्म में वापसी करते हुए 52 रन बनाए। हालांकि, भारतीय पारी का अंत नाटकीय रहा, जहां टीम ने महज 4 रन बनाने के भीतर अपने आखिरी 5 विकेट गंवा दिए। नामीबिया के लिए कप्तान जेरार्ड इरासमस सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 4 विकेट हासिल किए।
गेंदबाजों के सामने नामीबिया ने टेके घुटने
210 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने कभी भी सहज नजर नहीं आई। पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नामीबिया की ओर से लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, लेकिन उन्हें किसी दूसरे बल्लेबाज का लंबा साथ नहीं मिला।
भारत के लिए मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उन्होंने जेजे स्मिट (0), जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन (13) और लौरेन स्टीनकैंप (29) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके अलावा अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या ने भी 2-2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। जसप्रीत बुमराह को एक सफलता मिली।
ऐसा रहा मैच का घटनाक्रम
नामीबिया की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। 9वें ओवर में अक्षर पटेल थोड़े महंगे साबित हुए जब इरासमस ने उन पर दो छक्के जड़े। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की। वरुण चक्रवर्ती ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया। अक्षर पटेल ने भी कप्तान जेरार्ड इरास्मस (18) और मलान करुगेर (5) को आउट किया। आखिरी विकेट जैन ग्रीन का गिरा, जो हिटविकेट हो गए और इसी के साथ भारत ने मैच अपने नाम कर लिया।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया: लौरेन स्टीनकैंप, जैन फ्रायलिंक, जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन, जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जैन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबन ट्रम्पलमैन, मलान करुगेर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हिंगो।





