भारतीय क्रिकेट टीम पहली बार जापान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा कर दी है। BCCI के अनुसार, एशियन गेम्स में भारत का पहला मुकाबला 28 सितंबर को होना है और उससे ठीक 6 दिन पहले यानी कि 22 सितंबर को जापान के साथ भारत मैच खेलेगा।
बता दें कि BCCI ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें BCCI ने कहा कि भारत और जापान के बीच रिश्तों की 75वीं सालगिरह का जश्न मनाने के लिए यह ऐतिहासिक टी20 मैच आयोजित किया जा रहा है। यह मुकाबला मंगलवार 22 सितंबर को जापान के टोचिगी प्रीफेचर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। जो भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।
ये भी पढ़ें
जानकारी के अनुसार, यह पहल जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बैठक में हुए समझौते के तहत शुरू की गई है। इसका उद्देश्य खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के आपसी आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है।
क्या बोले BCCI सचिव देवजीत सैकिया?
बता दें कि BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा कि BCCI इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर काफी खुशी है। भारत और जापान की पुरुष टीमें जापान में एक खास टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए एक साथ आ रही हैं। यह क्रिकेट के लिए एक अहम पल है क्योंकि इससे भारतीय टीम एक नई जगह पर जा रही है और जापान व पूर्वी एशिया में ज्यादा लोगों तक खेल को पहुंचाने का मौका मिल रहा है।
जापान का टी20 इंटरनेशनल मैचों में प्रदर्शन
जानकारी के लिए बता दें कि जापान ICC का एसोसिएट सदस्य है। टीम ने 2022 में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। अब तक खेले गए 61 टी20 इंटरनेशनल मैचों में जापान ने 41 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि 18 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी 258 रनों की साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड भी जापान के केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग और लाचलान यामामोटो-लेक के नाम दर्ज है। हालांकि जापान ने अब तक आईसीसी की किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है।
