Hindi News

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज भारत बनाम इंग्लैंड, छठी बार खिताब जीतने उतरेगी टीम इंडिया, जानें कब-कहां देखें लाइव

Written by:Rishabh Namdev
Published:
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला आज भारत और इंग्लैंड के बीच हरारे में खेला जाएगा। सेमीफाइनल में ऐतिहासिक रन चेज कर फाइनल में पहुंची भारतीय टीम रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनने के इरादे से उतरेगी, वहीं इंग्लैंड की टीम भी ऑस्ट्रेलिया को हराकर आत्मविश्वास से भरी है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज भारत बनाम इंग्लैंड, छठी बार खिताब जीतने उतरेगी टीम इंडिया, जानें कब-कहां देखें लाइव

अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है, जहां आज चैंपियन का फैसला होगा। हरारे के ऐतिहासिक स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खिताब के लिए भारत और इंग्लैंड की युवा टीमें आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम जहां रिकॉर्ड छठी बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं इंग्लैंड की टीम 1998 के बाद अपना दूसरा खिताब जीतना चाहेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे से शुरू होगा।

दोनों ही टीमों ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। भारत अपने सभी मैच जीतकर फाइनल में पहुंचा है, जबकि इंग्लैंड ने भी सेमीफाइनल में मजबूत ऑस्ट्रेलिया को मात देकर अपनी दावेदारी पेश की है। फाइनल मुकाबले में दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम ही विजेता बनेगी।

आत्मविश्वास से भरी टीम इंडिया

भारतीय टीम इस फाइनल मुकाबले में ऊंचे मनोबल के साथ उतरेगी। सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने जो जीत हासिल की, वह अंडर-19 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज था। इस मैच में आरोन जॉर्ज ने यादगार शतक जड़ा, जबकि वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे की सलामी जोड़ी ने टीम को तूफानी शुरुआत दी थी। भारत का बल्लेबाजी और गेंदबाजी आक्रमण पूरे टूर्नामेंट में संतुलित दिखा है, जिससे टीम को एक बड़ा फायदा मिलता है।

इंग्लैंड को हल्के में लेना होगी भूल

दूसरी तरफ, इंग्लैंड की टीम को भी कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को एक रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में जगह बनाई है। इंग्लैंड के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। उनका लक्ष्य भारत को चौंकाकर खिताब अपने नाम करना होगा।

आंकड़ों में भारत का दबदबा

अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत का पलड़ा इंग्लैंड पर भारी नजर आता है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 9 अंडर-19 वर्ल्ड कप मुकाबलों में भारत ने 7 में जीत दर्ज की है, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ 2 बार ही सफलता मिली है। ओवरऑल रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में है, जहां 55 मैचों में भारत ने 41 जीते हैं।

U-19 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड:

  • कुल मुकाबले: 9
  • भारत की जीत: 7
  • इंग्लैंड की जीत: 2

लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण की जानकारी

भारत और इंग्लैंड के बीच यह खिताबी मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 1:00 बजे शुरू होगा। मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। इसके अलावा, प्रशंसक JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं।

दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारत U19: आरोन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हरवंश पंगालिया, मोहम्मद इनान, उद्धव मोहन, किशन कुमार सिंह।

इंग्लैंड U19: बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूरस, बेन मेयस, थॉमस रियू (विकेटकीपर/कप्तान), केलब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, आइजैक मोहम्मद, ल्यूक हैंड्स, विल बेनिसन, अली फारूक।