टी20 वर्ल्ड कप का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह हाई-वोल्टेज मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस शाम 6:30 बजे होगा। इस मैच पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें टिकी हैं, लेकिन टीम इंडिया के सामने दोहरी चुनौती है— एक पाकिस्तानी गेंदबाज उस्मान तारिक की रहस्यमयी गेंदबाजी और दूसरी कोलंबो का मौसम।
कोलंबो में शनिवार रात से ही बारिश हो रही है, जिसके कारण मैदान को कवर्स से ढकना पड़ा। रविवार को भी दिन में बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि मैच के समय बारिश की संभावना केवल 10% के आसपास है। अगर मैच रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक से संतोष करना होगा क्योंकि इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है।
आंकड़ों में भारत का दबदबा
अगर टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास को देखें तो भारत का पलड़ा पाकिस्तान पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से 7 में भारत ने जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक बार सफलता मिली है। ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल में भी भारत 13-3 से आगे है। टीम इंडिया टूर्नामेंट में लगातार 10 मैच जीतकर अजेय चल रही है, जो एक रिकॉर्ड है।
टीम इंडिया की ताकत और चिंताएं
भारतीय टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी विस्फोटक बल्लेबाजी है। कप्तान सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पंड्या शानदार फॉर्म में हैं। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की वापसी से आक्रमण मजबूत हुआ है, वहीं कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल स्पिन विभाग को बखूबी संभाल रहे हैं।
हालांकि, टीम के लिए कुछ चिंताएं भी हैं। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बीमारी के कारण पिछला मैच नहीं खेल पाए थे और आज उनके खेलने पर संशय है। इसके अलावा, पिछले दोनों मैचों में भारतीय बल्लेबाजों को स्पिन के खिलाफ संघर्ष करते देखा गया है, और कोलंबो की पिच स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती है।
पाकिस्तान: गेंदबाजी मजबूत, बल्लेबाजी कमजोर
पाकिस्तान की ताकत उनका स्पिन गेंदबाजी आक्रमण है। सलमान मिर्जा, अबरार अहमद और उस्मान तारिक शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। खासकर उस्मान तारिक अपनी धीमी गति, स्पीड वेरिएशन और एंगल से भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान अच्छी लय में हैं और टीम को तेज शुरुआत दे रहे हैं।
लेकिन टीम की सबसे कमजोर कड़ी उसकी बल्लेबाजी है। फरहान को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया है। बाबर आजम और कप्तान सलमान अली आगा की धीमी पारियां टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकती हैं।
पिच और टॉस की भूमिका
कोलंबो की पिच दूसरी पारी में धीमी हो जाती है और गेंद रुककर आती है, जिससे स्पिनरों को काफी मदद मिलती है। इस टूर्नामेंट में यहां खेले गए तीनों मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। यहां ओस का प्रभाव भी नहीं रहता, इसलिए टॉस जीतकर कप्तान पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेंगे।
संभावित प्लेइंग-11:
भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।





