भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 1 मार्च की तारीख बेहद अहम है, जब वह कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। यह मैच किसी क्वार्टर फाइनल से कम नहीं है, क्योंकि जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। दोनों टीमों के अभी 2-2 अंक हैं, और इस मुकाबले में जीत के अलावा कोई दूसरा विकल्प उन्हें आगे नहीं ले जा सकता।
हालांकि, इस नॉकआउट जैसे मैच पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है। अगर मौसम ने खेल बिगाड़ा और मैच रद्द करना पड़ा, तो टीम इंडिया के लिए यह किसी झटके से कम नहीं होगा। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर मैच बारिश की भेंट चढ़ गया तो क्या होगा?
अगर बारिश ने धोया मैच तो कौन जाएगा आगे?
मैच रद्द होने की स्थिति में दोनों टीमों, भारत और वेस्टइंडीज, को एक-एक अंक दिया जाएगा। इसके बाद दोनों ही टीमों के तीन-तीन अंक हो जाएंगे। ऐसे में फैसला नेट रन रेट (NRR) के आधार पर होगा। यहां वेस्टइंडीज की टीम भारत पर काफी भारी है। वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +1.791 है, जो कि शानदार माना जाता है। वहीं, भारतीय टीम का नेट रन रेट -0.100 है, जो काफी कमजोर है।
स्पष्ट है कि अगर अंक बराबर हुए तो बेहतर नेट रन रेट के आधार पर वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में प्रवेश कर जाएगी और भारत का सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
जीत का सीधा समीकरण
इस मुकाबले के लिए समीकरण बिल्कुल साफ है- ‘जीतो और आगे बढ़ो’। अगर मैच का नतीजा निकलता है तो नेट रन रेट की कोई भूमिका नहीं रहेगी। भारतीय टीम चाहे एक रन से ही क्यों न जीते, वह सीधे अंतिम-4 में पहुंच जाएगी। इसलिए टीम इंडिया की पहली और एकमात्र कोशिश मैच जीतकर अपनी किस्मत अपने हाथ में रखने की होगी।
कैसा रहेगा कोलकाता का मौसम?
भारतीय फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि 1 मार्च को कोलकाता में मौसम के पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दिन आसमान में बादल नहीं होंगे और तेज धूप खिली रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे बारिश की कोई आशंका नहीं है। ऐसे में फैंस को एक रोमांचक और पूरा मुकाबला देखने को मिलेगा।






