Hindi News

आईपीएल 2025 को किया गया स्थगित, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते लिया गया फैसला, जानिए अब तक का पूरा हाल

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आईपीएल 2025 को स्थगित कर दिया गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच टकराव होने के कारण मौजूदा सीजन को रोकने का निर्णय किया गया है, जिसकी जानकारी बीसीसीआई द्वारा दी गई है। बता दें कि इस समय गुजरात टाइटंस की टीम पहले स्थान पर है, जबकि दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम है।
आईपीएल 2025 को किया गया स्थगित, भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते लिया गया फैसला, जानिए अब तक का पूरा हाल

भारत और पाकिस्तान में देखे जा रहे तनाव के बाद अब बीसीसीआई ने फैसला लिया है। दरअसल, अब आईपीएल के मौजूदा सीजन को रोक दिया गया है। लीग स्टेज के बचे हुए 12 मुकाबले और चार नॉकआउट मुकाबले फिलहाल रोक दिए गए हैं। बता दें कि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 मई को खेला जाना था, लेकिन बीसीसीआई ने सुरक्षा को मध्य नजर रखते हुए इसे टालने का निर्णय किया है।

बीते दिन पंजाब और दिल्ली के बीच खेला जा रहा मुकाबला भी रद्द कर दिया गया था। पाकिस्तान ने 8 मई की रात को जम्मू, पंजाब और राजस्थान की बॉर्डर पर ड्रोन हमला किया, जिसके बाद हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जा रहा यह मुकाबला रोकने का निर्णय लिया गया। सभी दर्शकों को ग्राउंड से जाने के लिए कहा गया और ग्राउंड की लाइट भी बंद कर दी गई थी।

पहले से इस बात का अंदेशा लगाया जा रहा था

इसके बाद से ही अंदेशा लगाया जा रहा था कि आईपीएल को लेकर बड़ा निर्णय लिया जा सकता है। वहीं अब बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि मौजूदा सीजन के बचे हुए मुकाबले फिलहाल नहीं होंगे। बता दें कि बीते दिन लीग स्टेज का 58वां मुकाबला खेला गया था। फाइनल को मिलाकर मौजूदा सीजन में 74 मुकाबले खेले जाने हैं, लेकिन अब बचे हुए 16 मुकाबले कब खेले जाएंगे, इसकी डेट जल्द ही बीसीसीआई द्वारा बताई जाएगी। इस समय प्वाइंट्स टेबल में गुजरात टाइटंस की टीम पहले स्थान पर है। गुजरात के पास 16 अंक हैं, जबकि आरसीबी की टीम इस समय दूसरे स्थान पर है और टीम के पास भी 16 अंक हैं। वहीं पंजाब 15 और मुंबई 14 अंक के साथ टॉप 4 में शामिल हैं।

बेंगलुरु और गुजरात के इस समय 3 मुकाबले बाकी

गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तीन-तीन मैच बाकी हैं, जबकि चार टीमों के दो-दो मैच बाकी हैं। बेंगलुरु और गुजरात समेत 6 टीमों ने फिलहाल तीन-तीन मैच नहीं खेले हैं। ऐसे में बचे हुए मुकाबले अब कहां और कब खेले जाएंगे, इसका इंतजार सभी फैंस को है। हालांकि, इस समय देश में तनाव की स्थिति है, ऐसे में मुकाबले कराना मुश्किल दिखाई दिया, जिसके चलते बीसीसीआई ने यह बड़ा निर्णय लिया है।

ऑरेंज कैप का हाल

बता दें कि ऑरेंज कैप में इस समय सूर्यकुमार यादव टॉप पर हैं। सूर्यकुमार यादव ने 510 रन बनाए हैं, जबकि दूसरे स्थान पर साईं सुदर्शन हैं जिन्होंने 509 रन बनाए हैं, और तीसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं जिन्होंने 508 रन बनाए हैं। अब जब भी आईपीएल के मुकाबले शुरू होंगे, तो यहीं से कंटिन्यू किए जाएंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews