Hindi News

IPL 2026 में आज DC बनाम SRH का मुकाबला, जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली के लिए जीत जरूरी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
IPL 2026 में आज हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के पास 6-6 अंक हैं और प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत बेहद जरूरी है।
IPL 2026 में आज DC बनाम SRH का मुकाबला, जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगी सनराइजर्स हैदराबाद, दिल्ली के लिए जीत जरूरी

IPL 2026 में मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। बता दें कि दोनों टीमों के पास फिलहाल 6-6 अंक हैं, लेकिन बेहतर रन रेट की वजह से हैदराबाद टेबल में आगे है। वहीं दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए मुकाबलों पर नजर डालें तो टक्कर काफी बराबरी की रही है। कुल 26 मैचों में से हैदराबाद ने 13 और दिल्ली ने 11 मैच जीते हैं। एक मुकाबला टाई रहा जिसे दिल्ली ने सुपर ओवर में जीता, जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।

दरअसल मौजूदा सीजन में दोनों टीमें जीत की लय बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं इसलिए यह मुकाबला पॉइंट्स टेबल के लिहाज से भी काफी अहम माना जा रहा है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद इस मुकाबले में घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी। हालांकि टीम को कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी खल सकती है। कमिंस टीम के साथ जुड़ चुके हैं, लेकिन इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह ईशान किशन कप्तानी संभाल रहे हैं।

युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया

वहीं पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी विभाग को लेकर शुरुआत में सवाल उठे थे लेकिन पिछले दो मैचों में युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। दरअसल प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार जैसे गेंदबाजों ने जिम्मेदारी संभाली है। खास तौर पर ईशान मलिंगा ने डेथ ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी कर टीम को मजबूती दी है। हालांकि टीम की बल्लेबाजी अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। ओपनर ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा से बड़ी शुरुआत की उम्मीद रहती है, लेकिन अब तक दोनों लगातार बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए हैं। मिडिल ऑर्डर में हेनरिक क्लासन टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं और उन्होंने इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स पर डालें नजर

वहीं दूसरी ओर दिल्ली कैपिटल्स भी इस मैच को जीतकर अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेगी। दरअसल टीम की कप्तानी अक्षर पटेल के हाथों में है और वह गेंदबाजी के साथ-साथ कप्तानी में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। दिल्ली की गेंदबाजी लाइनअप में अनुभव मौजूद हैं, लेकिन टीम को अभी भी लगातार विकेट लेने में मुश्किल हो रही है। दरअसल मिचेल स्टार्क की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी लुंगी एनगिडी संभाल रहे हैं, जिन्होंने अब तक पांच मैचों में सात विकेट लिए हैं। वहीं स्पिन विभाग में कुलदीप यादव से काफी उम्मीदें हैं, लेकिन वह अभी तक अपनी लय में नहीं दिखे हैं। वहीं मुकेश कुमार और टी नटराजन ने कुछ मैचों में अच्छी गेंदबाजी की है, मगर डेथ ओवरों में टीम को और बेहतर प्रदर्शन की जरूरत है।

पिच और मौसम पर डालें नजर

दरअसल हैदराबाद का राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। यहां हाई स्कोरिंग मैच अक्सर देखने को मिलते हैं। ऐसे में दोनों टीमों के बल्लेबाजों पर भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। मौसम विभाग के मुताबिक मैच के दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए क्रिकेट फैंस को पूरा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews