IPL 2026 के रोमांच के बीच आज एक ऐसा मुकाबला खेला जाएगा जिस पर कई समीकरण निर्भर करेंगे। दरअसल आज 6 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) का सामना सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से होगा। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाना है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद टीम अपने घर में पंजाब की कमजोरियों का लाभ उठाकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंचने का प्रयास करेगी। दूसरी ओर, लगातार 6 मैच जीतकर अजेय दिख रही पंजाब टीम पिछले दो मुकाबलों में हार का सामना करने के बाद दबाव में है।
जानिए किसका पलड़ा है भारी?
दोनों टीमों के बीच आईपीएल में अब तक 25 बार भिड़ंत हुई है। इन आंकड़ों में सनराइजर्स हैदराबाद का पलड़ा भारी नजर आता है। SRH ने 17 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि पंजाब को 8 मैचों में सफलता मिली है। इस सीजन में यह दोनों टीमों के बीच दूसरा मुकाबला है। पहले मैच में पंजाब ने अपने होम ग्राउंड पर हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था। पिछले सीजन में भी दोनों टीमों के बीच एक ही मुकाबला हुआ था, जिसे हैदराबाद ने जीता था।
SRH को पिछले मुकाबले में मिली हार
सनराइजर्स हैदराबाद को पिछले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी, जिससे उनकी 5 मैचों की जीत का सिलसिला टूट गया। हालांकि, ट्रेविस हेड की शानदार फॉर्म टीम के लिए बड़ी राहत बनी हुई है। उन्होंने लगातार दो मैचों में अर्धशतक जड़े हैं। अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासन भी लगातार रन बना रहे हैं। अभिषेक शर्मा इस सीजन में हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 206.57 की स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी टीम संतुलित दिखाई देती है। ईशान मलिंगा डेथ ओवर्स में सटीक यॉर्कर डालकर बल्लेबाजों को परेशान करने में सफल रहे हैं, जबकि प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने भी अंत के ओवरों में अच्छी पकड़ बनाई है। ईशान मलिंगा टीम के टॉप विकेट-टेकर हैं, जिन्होंने 10 मैचों में 15 विकेट हासिल किए हैं।
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी बनी मुश्किल
वहीं पंजाब किंग्स की हालिया हार की मुख्य वजह बल्लेबाजी में लय खोना है। शुरुआत में टीम की बैटिंग उनकी ताकत मानी जाती थी, जिसने गेंदबाजी की कमजोरियों को छिपा लिया था। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली का आक्रामक अंदाज अब लापरवाही में बदलता दिख रहा है। जल्दबाजी में विकेट गंवाने से मिडिल ऑर्डर पर अनावश्यक दबाव बढ़ रहा है, जिससे टीम बड़ा स्कोर बनाने या लक्ष्य का पीछा करने में बार-बार नाकाम हो रही है। पंजाब की गेंदबाजी पूरे सीजन में अस्थिर बनी हुई है। जीत के मैचों में भी गेंदबाजों ने काफी रन लुटाए थे। अनुशासन की कमी और आखिरी ओवरों में रन न रोक पाना उनकी एक पुरानी समस्या रही है। पंजाब के लिए टॉप रन स्कोरर प्रभसिमरन सिंह हैं। उन्होंने 9 मैचों में 174.39 की स्ट्राइक रेट से 361 रन बनाए हैं। अर्शदीप सिंह 10 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर बने हुए हैं।
पिच पर डालें नजर
राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। इस स्टेडियम में अभी तक 88 IPL मैच खेले गए हैं, जिनमें से 38 मैच पहली बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते और 49 मैच लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों ने अपने नाम किए हैं। यहां का हाइएस्ट टीम स्कोर 286/6 है, जिसे हैदराबाद ने पिछले साल राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बनाया था। हैदराबाद में बुधवार को हल्की बारिश और हल्की हवाओं के साथ मौसम सुहावना रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI इस प्रकार है:
सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, ईशन मलिंगा, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, रविचंद्रन अश्विन, जयदेव उनादकट।
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, मुशीर खान, मार्कस स्टोइनिस, शशांक सिंह, कूपर कोनोली, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बरार।






