भारत के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 से पहले होने वाले ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए जापान ने अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कप्तानी केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग करेंगे। दोनों देशों की टीमें पहली बार किसी इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबले में आमने-सामने होंगी।

BCCI के अनुसार, यह मैच सुजुकी कप का हिस्सा है। भारत और जापान के बीच रिश्तों की 75वीं सालगिरह का जश्न मनाने के लिए यह ऐतिहासिक टी20 मैच आयोजित किया जा रहा है। यह मुकाबला मंगलवार 22 सितंबर को जापान के टोचिगी प्रीफेचर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। जो भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

भारत के खिलाफ T20I मैच के लिए जापान की टीम

जापान की कप्तानी नियमित कप्तान केंडेल काडोवाकी फ्लेमिंग करेंगे। वे जापान के लिए टी20 फॉर्मेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। उनके अलावा टीम में चार्ली हारा हिन्जे, बेंजामिन गो इटो डेविस, कोहेई कुबोटा, वाटारू मियाउची, रियो सकुरानो, डेक्लान सुजुकी, शोमा स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई, लैचलान लेक, माकोटो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुडा और एलेस्टर फ्लेमिंग को शामिल किया गया है।

जापान का टी20 इंटरनेशनल मैचों में प्रदर्शन

जानकारी के लिए बता दें कि जापान ICC का एसोसिएट सदस्य है। टीम ने 2022 में अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। अब तक खेले गए 61 टी20 इंटरनेशनल मैचों में जापान ने 41 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि 18 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी 258 रनों की साझेदारी का विश्व रिकॉर्ड भी जापान के केंडल कडोवाकी-फ्लेमिंग और लाचलान यामामोटो-लेक के नाम दर्ज है। हालांकि जापान ने अब तक आईसीसी की किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेला है।

भारत और जापान के बीच मुकाबला होगा बेहद ही खास

भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम इस महीने एशियन गेम्स के लिए जापान की यात्रा करेगी, लेकिन उससे पहले यह मुकाबला बेहद खास होगा। दुनिया की सबसे मजबूत क्रिकेट टीमों में शामिल भारत की मौजूदगी जापान में क्रिकेट को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा सकती है। जापान क्रिकेट एसोसिएशन लंबे समय से देश में क्रिकेट के विकास और लोकप्रियता बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के खिलाफ मुकाबला स्थानीय खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण होगा।