
विराट कोहली ने एक दशक से भी ज्यादा समय तक टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम पर राज किया। उन्होंने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े और बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उनका दबदबा रहा, लेकिन हाल ही में उन्होंने संन्यास का ऐलान कर पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया। उम्मीद की जा रही थी कि वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़कर ही संन्यास का ऐलान करेंगे, लेकिन उन्होंने जल्द ही यह फैसला ले लिया। 12 मई को विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया, जिसके बाद से इस बात पर बहस छिड़ गई है कि नंबर चार पर अब भारतीय टीम में कौन सा बल्लेबाज नजर आएगा।
इसी कड़ी में भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने बड़ी सलाह दी है। उनके मुताबिक, नंबर चार पर शुभमन गिल को सेलेक्ट करना चाहिए। दरअसल इसमें कई दावेदार हैं, जिनमें ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, केएल राहुल, रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, लेकिन बावजूद इसके जाफर ने शुभमन को सही चेहरा माना है।
क्यों बताया इस खिलाड़ी को खास?
दरअसल, टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा कि “मुझे लगता है कि शुभमन गिल नंबर चार की भूमिका के लिए सही हो सकते हैं। वह व्हाइट बॉल क्रिकेट में भारत के लिए ओपन करते हैं, जबकि टेस्ट क्रिकेट में उन्हें नंबर चार पर खेलना चाहिए। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में मुझे लगता है कि केएल राहुल को ही ओपनिंग करनी चाहिए और रोहित की जगह उन्हें नजर आना चाहिए, उसमें बदलाव क्यों ही करना। साई सुदर्शन भरपूर आत्मविश्वास से भरे हुए हैं, मुझे लगता है कि उन्हें नंबर तीन पर मौका मिलना चाहिए।”
इस फैसले से यह दिग्गज नाराज!
दरअसल, शुभमन गिल ने 2020 में भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर पहला मैच खेला था, और उसी दौरान उन्होंने टॉप ऑर्डर में ही बल्लेबाजी की थी। वह 15 टेस्ट मैचों में भारत के लिए ओपन कर चुके हैं, जबकि 17 मैचों में उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी की है। हालांकि, वसीम जाफर की इस बात से पूर्व भारतीय खिलाड़ी और चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत संतुष्ट नहीं दिखे। उनके मुताबिक, टेस्ट टीम में शुभ्मन गिल की जगह मुश्किल है। हालांकि, एक तरफ शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट के कप्तान के दावेदार भी हैं।
पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने यह साफ कर दिया कि बीसीसीआई के लिए इस समय सबसे बड़ी मुसीबत नंबर चार है, क्योंकि विराट कोहली के जाने के बाद अब भारतीय टीम को संभालना जरूरी है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

