Hindi News

आज IPL 2026 में KKR और LSG के बीच मुकाबला, बारिश बिगाड़ सकती है खेल, यहां जानिए दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

Written by:Rishabh Namdev
Published:
आज IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि इस मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। आज कोलकाता में 90% बारिश की आशंका जताई गई है।
आज IPL 2026 में KKR और LSG के बीच मुकाबला, बारिश बिगाड़ सकती है खेल, यहां जानिए दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आज शाम 7:30 बजे से कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच IPL 2026 का मुकाबला खेला जाएगा। दरअसल इस मैच पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है, क्योंकि मौसम विभाग ने करीब 90 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई है। वहीं पिछले सीजन में भी यहां एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो चुका है, इसलिए आज के मुकाबले पर भी मौसम की नजर बनी हुई है। मैच का टॉस शाम 7 बजे होगा।

दरअसल कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस सीजन का यह चौथा मैच होगा। टीम ने अब तक खेले 3 मैचों में से 2 में जीत हासिल की है, जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स को अपने पिछले दो मैचों में एक में जीत और एक में हार मिली है। दोनों टीमें आज जीत हासिल कर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी।

दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड देखें

ऐसे में अगर दोनों टीमों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो लखनऊ सुपर जायंट्स का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है। KKR और LSG के बीच अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से लखनऊ ने 4 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता को 2 मैचों में जीत मिली है। पिछले सीजन में दोनों टीमों की एक बार भिड़ंत हुई थी और उस मैच में लखनऊ ने जीत दर्ज की थी। ईडन गार्डन्स में भी दोनों टीमों के बीच 3 मैच हुए हैं, जिनमें लखनऊ ने 2 और कोलकाता ने 1 मैच जीता है।

क्या बारिश बिगाड़ सकती है खेल?

आज के मैच में सबसे बड़ा सवाल मौसम को लेकर है। मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता में करीब 90 प्रतिशत बारिश की संभावना है। दिन में तापमान लगभग 33 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात में यह 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की उम्मीद है। अगर मैच के दौरान बारिश होती है तो खेल में रुकावट आ सकती है या मुकाबला रद्द भी हो सकता है।

जानिए कैसी रहेगी पिच?

ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अच्छी मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर आसानी से आती है और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, खासकर अगर पिच पर हल्की नमी हो। मिडिल ओवर्स में स्पिन गेंदबाजों को भी थोड़ी टर्न मिल सकती है। इस सीजन में यहां खेले गए दोनों मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं, जिससे साफ है कि यह मैदान हाई स्कोरिंग माना जाता है।

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस सीजन में अंगकृष रघुवंशी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 3 मैचों में 110 रन बनाए हैं और दो अर्धशतक भी लगाए हैं। गेंदबाजी में ब्लेसिंग मुजरबानी ने 2 मैचों में 4 विकेट लिए हैं। हालांकि उनकी इकॉनमी थोड़ी ज्यादा रही है, जिस पर टीम को ध्यान देना होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स की बात करें तो कप्तान ऋषभ पंत के साथ ऐडन मार्करम, मिचेल मार्श और अब्दुल समद ने भी अच्छी बल्लेबाजी की है। गेंदबाजी में प्रिंस यादव ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह टीम के प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे हैं। आज के मुकाबले में इन खिलाड़ियों की भूमिका अहम हो सकती है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews