Hindi News

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, 14 महीने बाद हुई मोहम्मद शमी की वापसी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
22 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव बनाए गए हैं, जबकि उपकप्तान के रूप में अक्षर पटेल को चुना गया है। इस टीम में कई बड़े बदलाव नजर आ रहे हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, 14 महीने बाद हुई मोहम्मद शमी की वापसी

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। इस टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि उपकप्तान के रूप में अक्षर पटेल को चुना गया है। वहीं, टीम से ऋषभ पंत को बाहर कर दिया गया है। टीम में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सेलेक्टर्स ने दौरे के लिए युवाओं पर ज्यादा भरोसा जताया है।

भारतीय टीम में एक साल बाद मोहम्मद शमी की वापसी हुई है। तेज गेंदबाजों में मोहम्मद शमी के अलावा अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा भी शामिल हैं, जबकि मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह को इस सीरीज में आराम दिया गया है।

मोहम्मद शमी की वापसी

मोहम्मद शमी 14 महीने बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। बता दें कि शमी ने अपना आखिरी मुकाबला 19 नवंबर 2023 को खेला था। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अगर मोहम्मद शमी इस सीरीज में फिटनेस साबित करते हैं, तो उन्हें चैंपियंस ट्रॉफी की टीम में शामिल किया जा सकता है। वहीं, टीम में ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया है। इस टीम में जितेश शर्मा, शिवम दुबे और आवेश खान को शामिल नहीं किया गया है।

हार्दिक पांड्या को उपकप्तान नहीं बनाया गया

इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली इस सीरीज में भारतीय टीम में चार ऑलराउंडर्स को जगह दी गई है। हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर इस टीम में शामिल हैं। हालांकि, हार्दिक पांड्या को इस सीरीज के लिए उपकप्तान नहीं बनाया गया है। उनकी जगह अक्षर पटेल को चुना गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच पहला T20 मैच 22 जनवरी को कोलकाता में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मैच 25 जनवरी को चेन्नई में होगा। तीसरा मैच 28 जनवरी को राजकोट में, चौथा 31 जनवरी को पुणे में, और पांचवां व अंतिम मुकाबला 2 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

टी20 सीरीज के लिए भारत की टीम इस प्रकार है:

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल (उपकप्तान), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी , वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर।