Hindi News

आपको शर्म आनी चाहिए…. नवजोत सिंह सिद्धू ने किसपर निकाला गुस्सा? गौतम गंभीर और अजीत अगरकर से जुड़ा है मामला!

Written by:Rishabh Namdev
Published:
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक फेक बयान को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू बुरी तरह गुस्सा हो गए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा है कि उन्होंने गौतम गंभीर और अजीत अगरकर को लेकर ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है। चलिए जानते हैं आखिर यह पूरा मामला क्या है।
आपको शर्म आनी चाहिए…. नवजोत सिंह सिद्धू ने किसपर निकाला गुस्सा? गौतम गंभीर और अजीत अगरकर से जुड़ा है मामला!

सोशल मीडिया पर कोई भी न्यूज़ तेजी से वायरल हो जाती है, लेकिन कई बार यह सोशल मीडिया लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर देता है। हाल ही में एक ऐसा मामला क्रिकेट की दुनिया में देखने को मिला है, जब सोशल मीडिया पर नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर एक फेक न्यूज़ ने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, एक बयान नवजोत सिंह सिद्धू का वायरल हो रहा था, जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने गौतम गंभीर और अजीत अगरकर पर निशाना साधा है और दोनों को लेकर यह कहा है कि अगर भारत को 2027 का वर्ल्ड कप जीतना है तो गंभीर और अजीत अगरकर को तुरंत अपने पद से हटाना चाहिए और रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बनाना चाहिए। लेकिन अब इसकी हकीकत सामने आ चुकी है।

दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस फेक बयान को लेकर अब नवजोत सिंह सिद्धू ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने यह साफ किया है कि उन्होंने इस तरह का कोई भी बयान नहीं दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने गौतम गंभीर और अजीत अगरकर को लेकर ऐसी कोई बात नहीं कही है। हालांकि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रही वनडे सीरीज से पहले यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे सभी हैरान रह गए थे।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी दे दें कि रोहित शर्मा को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जा रही वनडे सीरीज से पहले कप्तानी से हटाया गया और उनकी जगह शुभमन गिल को वनडे का भी कप्तान बना दिया गया, जिसके बाद कई तरह के सवाल खड़े हो गए। दरअसल, यह भी दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा के लिए ऑस्ट्रेलिया की यह सीरीज अंतिम सीरीज हो सकती है। साथ ही रोहित शर्मा के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर भी फिलहाल संशय बना हुआ है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई तरह के फेक बयान और खबरें वायरल हो रही हैं, ऐसे में नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर भी इसी तरह की खबर वायरल हो गई। हालांकि अब नवजोत सिंह सिद्धू ने खुद सामने आकर इसका खंडन किया है। उन्होंने स्पष्ट लहजे में बताया कि यह बयान पूरी तरह गलत है और इससे उनका कोई भी लेना-देना नहीं है।

जानिए नवजोत सिंह सिद्धू ने क्या कहा?

नवजोत सिंह सिद्धू ने इस बयान को लेकर कहा कि “मैंने ऐसा कभी नहीं कहा, फेक न्यूज़ मत फैलाइए, आपको शर्म आनी चाहिए।” हालांकि जैसे ही नवजोत सिंह सिद्धू ने यह बयान दिया, उसके बाद वह फेक न्यूज़ पोस्ट तुरंत डिलीट कर दी गई। इससे यह साफ होता है कि सोशल मीडिया पर छोटी सी बात कितनी तेजी से वायरल हो जाती है। ऐसे में लोगों को कुछ भी शेयर करने से पहले इसकी पुष्टि कर लेनी चाहिए कि क्या वह सही है या कोई फेक न्यूज़ तो नहीं। अक्सर इस तरह की पोस्ट लोगों की छवि को नुकसान पहुंचा सकती हैं। बता दें, यह फेक न्यूज़ उस समय वायरल हुई जब भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। उसके बाद भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों को लेकर चर्चा शुरू हो गई और इसी दौरान यह फेक न्यूज़ भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

जानकारी दें कि विराट कोहली और रोहित शर्मा 7 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे थे। हालांकि पहला मुकाबला दोनों खिलाड़ियों का निराशाजनक रहा। रोहित शर्मा ने मात्र 8 रन बनाए, तो वहीं विराट कोहली शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। अब दोनों टीमों के बीच दूसरा वनडे मुकाबला 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेला जाएगा। भारत के पास इस मुकाबले को जीतकर सीरीज बराबर करने का मौका रहेगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews