Hindi News

रविंद्र जडेजा देश के बाहर नहीं जिता सकते भारत को टेस्ट मैच? नवजोत सिंह सिद्धू ने दिया बड़ा बयान

Written by:Rishabh Namdev
Published:
क्या रविंद्र जडेजा विदेशी सरज़मीन पर टेस्ट मैच जिताने में असमर्थ हैं? क्या वह यह क्षमता नहीं रखते हैं? दरअसल, यह सवाल अब सभी के मन में उठ रहा है क्योंकि रविंद्र जडेजा की टेस्ट जिताने की क्षमता को लेकर नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा।
रविंद्र जडेजा देश के बाहर नहीं जिता सकते भारत को टेस्ट मैच? नवजोत सिंह सिद्धू ने दिया बड़ा बयान

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए चौथे टेस्ट मैच में रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाज़ी की और भारत को ड्रॉ की कगार पर लेकर गए। एक समय जहां भारत पर हार का ख़तरा मंडरा रहा था, तो ऐसे समय में दोनों बल्लेबाज़ों ने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों को थका दिया और भारत को पूरे दिन मैच में बनाए रखा। अंततः इस मैच को ड्रॉ करवा दिया गया। इस ड्रॉ के साथ ही भारत इस सीरीज़ में अभी भी बना हुआ है। इस मैच में रविंद्र जडेजा ने शानदार शतक जड़ा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर खूब चर्चाएं देखने को मिलीं। रविंद्र जडेजा की हार और तारीफ़ दोनों हो रही हैं, लेकिन भारत के पूर्व खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू ने रविंद्र जडेजा को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।

दरअसल, एक तरफ जहां रविंद्र जडेजा ने भारतीय टीम को संकट से उबारा और खूब तारीफ़ बटोरी, तो वहीं नवजोत सिंह सिद्धू का कहना है कि जडेजा विदेशी परिस्थितियों में टीम इंडिया को जिताने की काबिलियत नहीं रखते हैं।

जानिए नवजोत सिंह सिद्धू ने क्या कहा?

दरअसल, पूर्व खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू के मुताबिक, रविंद्र जडेजा विदेशी धरती पर कपिल देव की तरह भारत को टेस्ट जिताने की काबिलियत नहीं रखते हैं। दरअसल, नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “मैं जडेजा की बहुत तारीफ़ करता हूं। वह कपिल देव की तरह ही बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। कपिल देव ने विदेश में भारत के लिए बहुत सारे टेस्ट जीते हैं, लेकिन जडेजा जब घर से बाहर, विदेश में खेलते हैं तो वह सपोर्टिंग रोल में अच्छे करते हैं, लेकिन टेस्ट मैच को जिताने में असमर्थ हैं और यह पहले ही टेस्ट से साफ़ दिखाई दे रहा है।”

क्यों उठे रविन्द्र जडेजा पर सवाल?

बता दें कि भारत की पहली पारी के बाद यह संभावना जताई जा रही थी कि भारत टेस्ट मैच में हार जाएगा। दरअसल, इंग्लैंड ने 650 से ज़्यादा रन बनाकर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था। हालांकि भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शानदार खेल दिखाया। पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने शानदार पारी खेली, उसके बाद रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर ने शतकीय पारियां खेलकर भारत को ड्रॉ की कगार पर लेकर गए। बता दें कि पिछले टेस्ट में भी रविंद्र जडेजा ने 61 रन की पारी खेली थी। हालांकि तीसरे टेस्ट मैच में भारत को 22 रन से हार मिली थी। इस मुकाबले के बाद जडेजा की रणनीति को लेकर सवाल उठे थे। दरअसल, रवि शास्त्री ने भी बड़ा बयान दिया था। रवि शास्त्री ने तीसरे टेस्ट मैच के बाद कहा था कि अगर रविंद्र जडेजा के पास 40% भी बेन स्टोक्स जैसा विश्वास होता, तो वह मुकाबला जिता देते।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews