Hindi News

IND vs PAK मैच से पहले अभिषेक शर्मा को लेकर बोले कप्तान सलमान आगा, कहा – ‘चाहता हूं वो खेले’

Written by:Rishabh Namdev
Published:
कोलंबो में आज 15 फरवरी को होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले, पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह चाहते हैं कि बीमार चल रहे भारतीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा यह मैच खेलें। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टीम भारत की सर्वश्रेष्ठ टीम का सामना करना चाहती है और गेंदबाज उस्मान तारिक के एक्शन पर भी अपनी बात रखी।
IND vs PAK मैच से पहले अभिषेक शर्मा को लेकर बोले कप्तान सलमान आगा, कहा – ‘चाहता हूं वो खेले’

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले जुबानी जंग तेज हो गई है। आज रविवार, 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच से ठीक पहले, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय ऑलराउंडर अभिषेक शर्मा को लेकर एक बड़ी चुनौती पेश की है। उन्होंने साफ कहा कि वह चाहते हैं कि अभिषेक इस मैच का हिस्सा बनें।

टीम इंडिया शुक्रवार देर रात कोलंबो पहुंची थी, जिसके बाद से ही इस मैच को लेकर माहौल गरमाया हुआ है। शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान आगा ने यह बयान देकर चर्चाओं को और हवा दे दी है।

‘हम भारत की बेस्ट टीम से भिड़ना चाहते हैं’

अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर चल रही अनिश्चितता के बीच, पाकिस्तानी कप्तान ने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि वह अभिषेक को खेलते हुए देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ खेलना हमेशा बेहतर होता है।

“मुझे उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा ठीक हो रहे हैं और वह कल का मैच खेलेंगे. क्योंकि हम सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं।” — सलमान अली आगा, कप्तान, पाकिस्तान क्रिकेट टीम

गौरतलब है कि अभिषेक शर्मा की तबीयत यूएसए के खिलाफ मैच से पहले खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली में दो दिनों तक अस्पताल में भी भर्ती रहना पड़ा था। हालांकि, वह नामीबिया के खिलाफ मैच से पहले टीम से जुड़ गए थे, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उनके खेलने पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

उस्मान तारिक के एक्शन का किया बचाव

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान आगा ने अपने गेंदबाज उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर उठ रहे सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने आलोचकों को जवाब देते हुए कहा, “आईसीसी द्वारा हुए टेस्ट को उन्होंने 2 बार पास किया है। मुझे नहीं पता कि इस पर इतना हंगामा क्यों हो रहा है। उस्मान को इन सब बातों से ज्यादा फर्क नहीं पड़ता क्योंकि उसके एक्शन पर तभी से बातें हो रही हैं जब से वह खेलने लगा है, इस कारण उन्हें इसकी आदत है।”

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

अगर हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो टी20 इंटरनेशनल में भारत का दबदबा रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 16 टी20 मैच खेले गए हैं, जिनमें से 13 में भारत को जीत मिली है, जबकि पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच ही जीत सका है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भी जब पिछली बार दोनों टीमें भिड़ी थीं, तब टीम इंडिया ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews