आईपीएल 2026 में अभी काफी समय है, लेकिन 15 नवंबर तक सभी टीमों को अपनी रिटेंशन लिस्ट आईपीएल कमेटी को सौंपनी है। बता दें कि इस बार मिनी ऑक्शन होने जा रहा है, जो 15 या 16 दिसंबर को अबू धाबी में होगा। इससे पहले सभी टीमों में उथल-पुथल मची हुई है। सभी टीमें रिटेन खिलाड़ियों पर चर्चाएं कर रही हैं। सोशल मीडिया पर कई तरह की खबरें वायरल हो रही हैं। इसी बीच रविंद्र जडेजा और संजू सैमसन की अदला-बदली की खबरें भी जोरों पर हैं। दावा किया जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स संजू सैमसन के बदले में रविंद्र जडेजा को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड डील कर रही है।
वहीं, इसी कड़ी में अब एक नई अपडेट सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रविंद्र जडेजा ने राजस्थान रॉयल्स से कप्तानी का पद मांगा है। जानकारी के लिए बता दें कि पिछले सीजन राजस्थान रॉयल्स की टीम में कप्तानी के पद को लेकर ही विवाद देखने को मिला था।
दोनों ही टीमों ने सीजन के दौरान अपने कप्तानों में बदलाव किया था
चार से पांच मुकाबलों में रियान पराग ने टीम की कमान संभाली थी जबकि बाकी मुकाबलों में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संजू सैमसन के हाथों में थी। हालांकि टीम का पिछला प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। आईपीएल 2025 में राजस्थान की टीम नौवें स्थान पर रही थी, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 10वें स्थान पर रही थी। दोनों ही टीमों ने सीजन के दौरान अपने कप्तानों में बदलाव किया था। अब रविंद्र जडेजा ने राजस्थान से कप्तानी की मांग की है। क्या राजस्थान की टीम इसकी मंजूरी देगी? और अगर ऐसा नहीं होता है, तो क्या संजू सैमसन एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स की टीम से ही खेलते हुए नजर आएंगे?
रविंद्र जडेजा के पिछले सीजन के प्रदर्शन पर नजर डालें
रविंद्र जडेजा के पिछले सीजन के प्रदर्शन पर नजर डाली जाए तो जडेजा ने आईपीएल 2025 में कुल 14 मुकाबलों में 301 रन बनाए थे। हाईएस्ट स्कोर रविंद्र जडेजा के बल्ले से 77 रन नाबाद रहा था। उन्होंने पूरे सीजन में 33.44 की एवरेज से बल्लेबाजी की। इस दौरान जडेजा के बल्ले से दो अर्धशतक की पारियां भी निकलीं। जबकि गेंदबाजी पर नजर डाली जाए तो जडेजा ने 14 मुकाबलों में 10 विकेट भी हासिल किए थे। चेन्नई की ओर से सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में जडेजा का नाम शामिल रहा था।
संजू सैमसन के पिछले आईपीएल सीजन पर नजर डालें
वहीं, संजू सैमसन के पिछले आईपीएल सीजन पर नजर डालें तो आईपीएल 2025 में संजू सैमसन ने 14 मैचों में मात्र 285 रन बनाए थे। सैमसन के बल्ले से एक अर्धशतक की पारी निकली थी। उन्होंने 35.63 की एवरेज से बल्लेबाजी की थी, जबकि 140.39 का स्ट्राइक रेट रहा था। सैमसन के बल्ले से हाईएस्ट स्कोर 66 रन रहा था। राजस्थान की टीम पर भी इसका असर पड़ा था और टीम नौवें स्थान पर रही थी।






