आईपीएल 2026 से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी बिक सकती है। बुधवार को डीआरजीओ पीएलसी की भारतीय इकाई यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड द्वारा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को एक लेटर के जरिए इसकी जानकारी दी गई है। कंपनी द्वारा इस लेटर में बताया गया है कि वह अपनी सहायक कंपनी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स लिमिटेड में किए गए निवेश की समीक्षा शुरू कर रही है। पिछले कुछ समय से लगातार इस तरह की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थीं कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जल्द ही बिकने जा रही है। अब यह साफ हो गया है कि कंपनी बिकने जा रही है।
कंपनी की निवेश समीक्षा की प्रक्रिया 31 मार्च 2026 तक पूरी हो जाएगी। बता दें कि यह समीक्षा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पुरुष और महिला दोनों टीमों के लिए होगी। इसके बाद देखना दिलचस्प रहेगा कि फ्रेंचाइजी कुल कितनी रकम में बिकती है और कौन से बड़े खरीदार सफलता हासिल करेंगे।
ये खरीदार आ चुके हैं आगे
पिछले कुछ महीनों से चर्चा थी कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को खरीदने के लिए गौतम अडानी आगे आए हैं। साथ ही सिरम इंस्टीट्यूट के मालिक ने भी आरसीबी को खरीदने की इच्छा जताई है। रिपोर्ट्स की मानें तो सिरम इंस्टीट्यूट आरसीबी को करीब 17,000 करोड़ रुपए में खरीद सकता है, जिसकी इच्छा वे पहले भी जता चुके हैं। सिरम इंस्टीट्यूट के मालिक अदर पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि सही वैल्यूएशन पर आरसीबी एक बेहतरीन टीम है। हैरानी की बात है कि आरसीबी को 2008 में मात्र 476 करोड़ रुपए में खरीदा गया था। अब टीम की वैल्यूएशन लगभग 35 गुना बढ़ चुकी है और आरसीबी को 2025 में 17,000 करोड़ रुपए में बेचा जा सकता है।
आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद टीम को जीत मिली थी। रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने पहला खिताब जीता था। खिताब जीतने के बाद आरसीबी की फैन फॉलोइंग और बढ़ गई और ब्रांड वैल्यू में तेजी से इजाफा हुआ। अब आरसीबी की ब्रांड वैल्यू ₹2,360 करोड़ रुपए हो चुकी है। अब तक आईपीएल की सबसे महंगी टीम लखनऊ सुपरजायंट्स है, लेकिन अगर आरसीबी की टीम 17,000 करोड़ रुपए में बिकती है तो यह सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी।
दरअसल आईपीएल 2021 में दो नई टीमों को जोड़ा गया था जिसमें गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजायंट्स शामिल थीं। लखनऊ सुपरजायंट्स को राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स ग्रुप ने 7,090 करोड़ रुपए में खरीदा था, जबकि गुजरात की टीम को सीवी कैपिटल ने 5,625 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके चलते लखनऊ सुपरजायंट्स की डील आईपीएल के इतिहास में सबसे बड़ी डील मानी जाती है, लेकिन अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की डील सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।





