Hindi News

RCB के विकेटकीपर जितेश शर्मा ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्यों करते थे अपनी ही टीम के टॉप ऑर्डर के फेल होने की दुआ

Written by:Rishabh Namdev
Published:
RCB के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स के साथ एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वह मैच के दौरान अपनी ही टीम के ऊपरी क्रम के बल्लेबाजों के आउट होने की प्रार्थना करते थे ताकि उन्हें हीरो बनने का मौका मिल सके।
RCB के विकेटकीपर जितेश शर्मा ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्यों करते थे अपनी ही टीम के टॉप ऑर्डर के फेल होने की दुआ

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले RCB के विकेटकीपर जितेश शर्मा ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है। उन्होंने स्वीकार किया है कि वह मैच के दौरान अक्सर यह दुआ करते थे कि उनकी अपनी ही टीम का टॉप ऑर्डर फेल हो जाए। इसके पीछे की वजह भी उन्होंने बताई, जो उनके ‘हीरो’ बनने की चाहत से जुड़ी है।

यह सनसनीखेज खुलासा जितेश ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के यूट्यूब चैनल पर एक बातचीत के दौरान किया। उनकी यह टिप्पणी एक फिनिशर की मानसिकता को दर्शाती है, जो हमेशा दबाव में प्रदर्शन करने के मौके की तलाश में रहता है।

‘मैं हीरो बनने का मौका देखता था’

एबी डिविलियर्स से बात करते हुए जितेश ने अपनी अनोखी प्रार्थना के पीछे का राज खोला। उन्होंने बताया कि यह सब कुछ मैच का हीरो बनने की तीव्र इच्छा के कारण था।

“आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन मैं हमेशा भगवान से प्रार्थना करता था कि मेरा टॉप ऑर्डर फेल हो और फिर मैं बल्लेबाजी करने जा सकूं। मैं हीरो बनने का मौका देखता हूं। मैं जिंदगी में हमेशा ऐसी पारी की कल्पना करता था और मैं उस तरह का इंसान हूं जो हमेशा कुछ ना कुछ जादुई करना चाहता है।” — जितेश शर्मा

उनकी इस बात ने क्रिकेट जगत में एक नई बहस छेड़ दी है, जहां कई लोग इसे उनके आत्मविश्वास के रूप में देख रहे हैं तो कुछ इसे टीम भावना के विपरीत मान रहे हैं।

कैसा रहा है जितेश का IPL करियर

जितेश शर्मा पिछले कुछ सालों से मध्यक्रम में एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से कई मैचों का रुख पलटा है। बात अगर उनके आईपीएल करियर की करें, तो उन्होंने अब तक कुल 55 मैच खेले हैं।

इन मैचों की 47 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए जितेश ने 25.41 की औसत और एक बेहतरीन स्ट्राइक रेट के साथ 991 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक भी निकला है। वह टीम के लिए एक भरोसेमंद फिनिशर के तौर पर उभरे हैं, जो अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।

मध्य प्रदेश से जुड़ी विश्वसनीय और ताज़ा खबरें MP Breaking News in Hindi यहां आपको मिलती है MP News के साथ साथ लगातार अपडेट, राजनीति, अपराध, मौसम और स्थानीय घटनाओं की सटीक जानकारी। भरोसेमंद खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें और अपडेटेड रहें !
Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews