भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा मुकाबला 23 जुलाई 2025 से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड स्टेडियम में शुरू होने जा रहा है। यह मैच भारतीय टीम के लिए बेहद अहम है, क्योंकि 1-2 से पीछे चल रही टीम इंडिया को सीरीज में बराबरी करने के लिए इस टेस्ट में जीत जरूरी है। इस बीच, सभी की नजरें स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की उपलब्धता पर टिकी हैं। असिस्टेंट कोच रयान टेन डोएशेट ने बुमराह के खेलने को लेकर बड़ा अपडेट दिया है, जबकि पंत की फिटनेस पर भी राहत भरी खबर आई है।

बुमराह पर असिस्टेंट कोच का बयान

जसप्रीत बुमराह, जो मौजूदा समय में आईसीसी टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हैं, इस सीरीज में भारत के लिए गेम-चेंजर साबित हुए हैं। उन्होंने पहले टेस्ट (हेडिंग्ले) और तीसरे टेस्ट (लॉर्ड्स) में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने दो बार पांच विकेट हॉल सहित कुल 12 विकेट चटकाए। हालांकि, वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते उन्हें दूसरे टेस्ट (एजबेस्टन) में आराम दिया गया था। सीरीज शुरू होने से पहले ही हेड कोच गौतम गंभीर ने स्पष्ट किया था कि बुमराह अधिकतम तीन टेस्ट ही खेलेंगे।

अब मैनचेस्टर टेस्ट में उनके खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने बेकेनहैम में 17 जुलाई को हुए प्रैक्टिस सेशन के बाद कहा, ‘हम बुमराह के खेलने का फैसला मैनचेस्टर में ही लेंगे। सीरीज अब निर्णायक मोड़ पर है, इसलिए उन्हें खिलाने की संभावना ज्यादा है। हमें फिर भी सभी कारकों को देखना होगा। हम वहां कितने दिन क्रिकेट खेल पाएंगे। इस मैच को जीतने के लिए हमारे लिए सबसे अच्छा मौका क्या है? और फिर यह भी कि योजना ओवल में कैसे फिट बैठती है।’

ऋषभ पंत की फिटनेस पर अपडेट

लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान अंगुली में चोट लगने के कारण ऋषभ पंत ने पहले दिन विकेटकीपिंग नहीं की थी, हालांकि उन्होंने दर्द के बावजूद बल्लेबाजी की थी। कप्तान शुभमन गिल ने तीसरे टेस्ट के बाद पुष्टि की थी कि पंत की चोट गंभीर नहीं है और वह मैनचेस्टर टेस्ट तक फिट हो जाएंगे। 17 जुलाई को बेकेनहैम में हुए प्रैक्टिस सेशन में पंत ने हिस्सा नहीं लिया, लेकिन वह टीम के साथ मौजूद थे। टेन डोएशेट ने बताया, ‘तीसरे टेस्ट में उन्होंने काफी दर्द के साथ बल्लेबाजी की और हम उस स्थिति से दोबारा नहीं गुजरना चाहते जहां हमें पारी के बीच में विकेटकीपर बदलना पड़े। उन्होंने आज आराम किया। हम बस उन्हें रेस्ट देने की कोशिश कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह मैनचेस्टर में पहले ट्रेनिंग सेशन में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार होंगे।’