पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने भले ही एशिया कप 2025 के सुपर-4 में क्वालीफाई कर लिया हो, लेकिन पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज ने शर्मिंदगी का एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम किया है जो कोई भी खिलाड़ी नहीं करना चाहेगा। हम बात कर रहे हैं बल्लेबाज सईम अयूब की। एशिया कप 2025 में इस खिलाड़ी ने हैट्रिक अपने नाम कर ली है, लेकिन यह हैट्रिक विकेटों की नहीं या शॉट्स की नहीं, बल्कि जीरो की हैट्रिक है। सईम अयूब लगातार तीन मैच से जीरो पर आउट हो रहे हैं।
ऐसा करने वाले सईम अयूब दूसरे पाकिस्तानी ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पाकिस्तानी मीडिया में एशिया कप 2025 के शुरू होने से पहले बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे और कहा जा रहा था कि सईम अयूब विपक्षी टीमों की जमकर धुलाई करेंगे और खूब छक्के-चौके लगाएंगे। हालांकि जब सईम अयूब मैदान पर उतरे तो उन्होंने ना चौका लगाया, ना छक्का, दरअसल वह तो एक भी रन नहीं बना सके।
तीन मैच में खाता नहीं खोल पाए सईम अयूब
दरअसल एशिया कप 2025 में इस अनोखे रिकॉर्ड पर नजर डाली जाए तो सईम अयूब ने पहला मुकाबला ओमान की टीम के खिलाफ खेला था, जहां ओमान के गेंदबाज फैसल शाह ने पहली ही गेंद पर उन्हें बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया था। जबकि दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम के हार्दिक पांड्या ने सईम अयूब को जीरो के स्कोर पर आउट किया था। यह अयूब का दूसरा गोल्डन डक था। तीसरे मुकाबले में यूएई के खिलाफ भी वह जीरो पर आउट हो गए।
ऐसा करने वाले सईम अयूब तीसरे खिलाड़ी बने
अब ऐसा करने वाले सईम अयूब तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। बतौर सलामी बल्लेबाज यह रिकॉर्ड पहले दो खिलाड़ी बना चुके हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आंद्रे फ़्लेचर का नाम आता है। आंद्रे फ़्लेचर ने यह रिकॉर्ड 2009 में अपने नाम किया था। जबकि पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी मोहम्मद हफीज भी यह रिकॉर्ड बना चुके हैं। 2012 में उन्होंने लगातार तीन बार जीरो बनाकर यह शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वहीं अब पाकिस्तान के ही ओपनिंग बल्लेबाज सईम अयूब ने यह रिकॉर्ड अपने नाम किया है। 2025 के एशिया कप में लगातार तीन मुकाबलों में वह जीरो पर आउट हुए हैं।






