पाकिस्तान टीम को लगा बड़ा झटका! तीन महीने तक क्रिकेट नहीं खेल पाएगा ये खिलाड़ी, भारत के खिलाफ भी खेलना मुश्किल

एशिया कप से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल स्टार ऑलराउंडर शादाब खान कंधे की चोट के चलते एक साथ कई अहम सीरीज से बाहर हो गए हैं। अब उन्हें इंग्लैंड में सर्जरी करानी होगी। बता दें कि टी20 टीम में उपकप्तान की भूमिका निभा रहे शादाब की जगह अब मोहम्मद हैरिस को जिम्मेदारी मिल सकती है।
Shadab Khan

पाकिस्तान क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल टीम के उपकप्तान और अनुभवी ऑलराउंडर शादाब खान कंधे की चोट के कारण अगले तीन महीने तक टीम से बाहर रहेंगे। पाकिस्तान को बांग्लादेश, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान और यूएई जैसी टीमों के खिलाफ लगातार टी20 मुकाबले खेलने हैं, वहीं सितंबर में एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन भी होना है। ऐसे में शादाब का बाहर होना टीम की तैयारियों के लिए बड़ी चिंता है।

दरअसल शादाब खान को अपने दाएं कंधे में दिक्कत काफी समय से महसूस हो रही थी, लेकिन अब ये परेशानी इतनी बढ़ चुकी है कि उन्हें ऑपरेशन की जरूरत पड़ रही है। वह इस सर्जरी के लिए इंग्लैंड जाएंगे, जहां उन्हें रिकवरी में कम से कम तीन महीने का वक्त लग सकता है।

पाकिस्तान को शादाब खान की क्यों है सबसे ज्यादा जरूरत?

वहीं पाकिस्तान को जुलाई से लेकर सितंबर तक एक के बाद एक कई अहम टी20 सीरीज खेलनी हैं। इनमें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज, वेस्टइंडीज दौरा और अफगानिस्तान-यूएई के साथ त्रिकोणीय सीरीज शामिल है। इतना ही नहीं इसके बाद एशिया कप का आयोजन यूएई में होने की संभावना है। ऐसे में शादाब का न होना टीम की रणनीति और संतुलन दोनों के लिए बड़ा नुकसान पहुंचा सकता है। दरअसल टी20 टीम में शादाब खान की भूमिका सिर्फ एक ऑलराउंडर तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह कप्तान शान मशूद के बाद टीम के सबसे अहम रणनीतिक खिलाड़ी माने जाते हैं।

मोहम्मद हैरिस हो सकते हैं नए उपकप्तान

शादाब खान ने टीम को कई मौकों पर बल्ले और गेंद दोनों से जीत दिलाई है। अब उनकी गैरमौजूदगी में टीम को नए विकल्प की तलाश करनी होगी। वहीं शादाब खान के बाहर होने के बाद पाकिस्तान टी20 टीम की उपकप्तानी की रेस में सबसे आगे नाम मोहम्मद हैरिस का है। 24 वर्षीय हैरिस विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और घरेलू स्तर पर ‘द शाहीन्स’ के लिए कप्तानी कर चुके हैं। साथ ही पाकिस्तान ए टीम में भी उन्होंने लीडरशिप रोल निभाया है। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड उन्हें अस्थाई तौर पर उपकप्तान बना सकता है।

पाकिस्तान टीम का ट्रेनिंग कैंप 8 जुलाई से कराची में शुरू होगा

दरअसल बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से पहले पाकिस्तान टीम का ट्रेनिंग कैंप 8 जुलाई से कराची में शुरू होगा। टीम 16 जुलाई को बांग्लादेश रवाना होगी और 20, 22 और 24 जुलाई को तीन टी20 मैच खेलेगी। लेकिन शादाब के अलावा टीम के दो और खिलाड़ी नसीम शाह और मोहम्मद वसीम जूनियर भी अभी फिट नहीं हैं। ऐसे में पीएसएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा को टीम में मौका दिया जा सकता है। उन्होंने पीएसएल के 4 मुकाबलों में 9 विकेट झटके थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews