पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर कप्तानी में बड़ा बदलाव किया है। दरअसल अब मोहम्मद रिजवान को फिर से वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया गया है और अब कप्तानी के लिए शाहीन शाह अफरीदी को चुना गया है। यानी पाकिस्तान टीम के नए वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी बन चुके हैं। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में अब शाहीन शाह अफरीदी ही पाकिस्तानी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। यह मुकाबले 4, 6 और 8 नवंबर को फैसलाबाद में खेले जाएंगे।
शाहीन शाह अफरीदी लंबे समय से पाकिस्तान टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ समय उनके लिए बेहद मुश्किल भरा रहा। चैंपियंस ट्रॉफी के बाद टी20 टीम से उन्हें बाहर कर दिया गया था, लेकिन अब उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जैसे ही शाहीन शाह अफरीदी को टीम की कप्तानी मिली, उन्हें लेकर चर्चा शुरू हो गई। उन्हें लेकर गूगल पर भी खूब सर्च किया जा रहा है। कई लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर पाकिस्तान के नए कप्तान अफरीदी की कुल संपत्ति कितनी है।
कुल नेटवर्थ पर नजर डालें
दरअसल शाहीन शाह अफरीदी की कुल नेटवर्थ पर नजर डालें तो यह लगभग 58 करोड़ रुपए बताई जाती है। लंबे समय से शाहीन शाह अफरीदी पीसीबी के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने पीएसएल और ब्रांड एंडोर्समेंट से भी मोटी कमाई की है। इतना ही नहीं, वह कई फ्रेंचाइजी के लिए टी20 लीग में भी खेलते हैं। अब शाहीन शाह अफरीदी बिग बैश लीग में भी खेलते हुए नजर आने वाले हैं। बीबीएल में ब्रिसबेन हीट ने उन्हें करोड़ों रुपए में साइन किया है।
PCB के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में है शामिल
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शाहीन शाह अफरीदी को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ए कैटेगरी में शामिल किया है, जिसके चलते उन्हें सालाना 1 करोड़ 14 लाख रुपए सैलरी के रूप में मिलते हैं। इसके अलावा उन्हें हर मैच के लिए मैच फीस दी जाती है। टेस्ट मैच के लिए शाहीन शाह अफरीदी को ₹50,000, वनडे के लिए ₹25,000 और टी20 इंटरनेशनल के लिए ₹15,000 भारतीय रुपए मिलते हैं।
PSL से भी मोटी कमाई
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान सुपर लीग में भी शाहीन शाह अफरीदी ने मोटी कमाई की है। वह लाहौर कलंदर्स के लिए कप्तानी करते हैं। उन्हें 2025 पीएसएल सीजन के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपए में साइन किया गया था, जबकि 2026 बीबीएल सीजन के लिए उन्हें करीब 1.5 से 2 करोड़ भारतीय रुपए में साइन किया गया है।
लग्जरी लाइफस्टाइल पर डालें नजर
शाहीन शाह अफरीदी अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए पाकिस्तान में चर्चाओं में रहते हैं। बता दें कि वह कई बड़े ब्रांड्स के एंबेसडर भी हैं। उन्हें फैशन, टेक और एक्सेसरीज़ की कई कंपनियों ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है। उनके पास कई लग्जरी गाड़ियां हैं जिनमें ऑडी A4, टोयोटा कोरोला और होंडा सिविक जैसी कारों के नाम शामिल हैं। उनके पास इस्लामाबाद में दो आलीशान घर भी हैं।






